आश्वासन के बाद अनशन समाप्त
टपूकड़ा. क्षेत्र के स्थानीय युवकों को 50 प्रतिशत रोजगार देने व नई भूमि अधिग्रहण बिल के तहत किसानों की अवाप्त की गई भूमि का मुआवजा देने की मांग को लेकर रविवार को सुबह दस बजे से खुशखेड़ा रोड पर बैठे तिजारा युवा मंच संयोजक राजू कमालपुरिया ने अनिश्चित कालीन धरना पांचवें दिन रीको अधिकारियों से वार्ता के बाद समाप्त कर दिया। बेरोजगारों ने राजू को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। गुरुवार को पांचवें दिन अनशन कर रहे राजू के स्वास्थ्य की जांच की गई। जिसमें उसकी गिरती हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन राजू नहीं माना। दोपहर को तिजारा एसडीएम पुष्पक राज शर्मा व रीको के क्षेत्रीय प्रबंधक आरएन माली धरना स्थल पर पहुंचे व राजू से वार्ता की। जिसमें रीको अधिकारियों ने राजू यादव से एक कमेटी बनाने व भिवाड़ी रोजगार कार्यालय में स्थानीय युवकों को नौकरी की सूचना देने के आदेश सहित अन्य समस्याओं को राज्य सरकार के पास भेजने के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त किया गया। जिसके बाद बेरोजगार युवकों ने राजू को जूस पिलाकर खुशी जाहिर की।