बैठक में नागरिकों ने उठाई समस्याएं
धौलपुर. थाना कोतवाली में गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवताराम मीणा की अध्यक्षता में सीएलजी की बैठक हुई। इसमें नागरिकों ने शहर में राशन नहीं बांटने, आवारा पशु घूमने तथा पुराने शहर में यातायात अवरुद्ध रहने की शिकायत दर्ज कराई। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने सभी समस्याओं पर कार्रवाई के आश्वासन दिए है।
बैठक में अजीत पहाडिय़ा, विनोद अग्रवाल, महेन्द्र गुप्ता, शंकर सिंह एडवोकेट ने कोतवाली क्षेत्र की पुलिस कानून व्यवस्था पर संतोष जताया। साथ ही गश्त बढ़ाने की मांग की। अन्य सदस्यों ने पुराने शहर में राशन डीलरों द्वारा राशन का सही वितरण नहीं करने की शिकायत की। शिकायत पर एसडीएम विनय कुमार नगायच ने जांच कराने का भरोसा दिया। सीएलजी के कुछ सदस्यों ने कोतवाली क्षेत्र में आवारा पशुओं के कारण हो रही परेशानी की शिकायत की व शहर में यातायात की व्यवस्था सुधारने की मांग की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवताराम मीणा ने कहा कि पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। नागरिकों का भी दायित्व है कि वे अपने इलाके में होने वाली अप्रिय घटनाओं की जानकारी पुलिस को दें। बैठक में राजेंद्र शर्मा, महेंद्र गुप्ता, विनोद अग्रवाल, भंवरसिंह त्यागी, गुलाबसिंह, शिवचरन मीणा, पन्नालाल आदि मौजूद थे। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक संतराम यादव, कोतवाल सीताराम मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।