दर्जनों पेड़ काटे, आरोपी फरार
भिवाड़ी. राज्य सरकार के जंगलों में लकड़ी काटने, इमारती लकड़ी बीनने या मवेशी चराने पर जुर्माना 25 हजार रुपए से घटा कर 500 रुपए करने के कुछ घंटे बाद ही वनों मे लकड़ी काटने का अवैध व्यापार करने वालों ने चौपानकी थाना क्षेत्र में इंदौर की रूंध में जेसीबी की सहायता से दर्जनों हरे पेड़ काट डाले तथा ट्रैक्टरों में भर कर लकड़ी को ले जाना शुरू कर दिया। मामले की सूचना वन विभाग को लगी तब तक दर्जनों पेड़ कट चुके थे। सूचना पर चौपानकी, टपूकड़ा एवं भिवाड़ी फेज तृतीय थाना पुलिस ने वन क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस को देखकर वन माफिया मौके से भागने में सफल हो गए तथा पुलिस के हाथ केवल वहां खड़े ट्रैक्टर व जेसीबी आई। जिन्हें ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने थाने पहुंचाया। चौपानकी थाना पुलिस ने 3 जेसीबी व हरी लकडिय़ों से भरे 8 ट्रैक्टर जब्त किए तथा टपूकड़ा पुलिस ने क्षेत्र से हरी लकडिय़ों से भरे 3 ट्रैक्टर व भिवाड़ी फेज तृतीय थाना पुलिस ने गवादला क्षेत्र से हरी लकडिय़ों से भरे तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। चौपानकी थाना प्रभारी राकेश यादव के अनुसार करीब एक हजार मन हरी लकडिय़ां पकड़ी गई हैं। रेंजर हजारी सिंह चौहान के अनुसार लकड़ी धौंक, ढाक आदि पेड़ों की थी जो जलाने के काम में ली जाती हैं।