पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अस्पताल में रेडियेशन का खतरा

अस्पताल में रेडियेशन का खतरा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - अलवर
आप राजीव गांधी अस्पताल में इलाज कराने जा रहे हैं तो जरा सावधानी बरतें। ताकि एक बीमारी के इलाज के चक्कर में कहीं दूसरी बीमारी साथ न आ जाए। अस्पताल में एक्सरे मशीन से रेडियेशन का खतरा बना हुआ है। एक्सरे मशीन कक्ष के मुख्य द्वार पर ही लगी है और वहां सैकड़ों रोगी और उनके परिजन अपनी बारी के इंतजार में झांकते रहते हैं। लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि वे रेडियेशन की गिरफ्त में आ रहे हैं।
कक्ष के बाहर ही सोनोग्राफी एवं एमएलसी कराने वाले लोगों की भीड़ लगी रहती है। कक्ष के खुले दरवाजे के साथ एक्सरे मशीन की दिशा भी आउटडोर की तरफ है, जो अधिक हानिकारक है। भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र के नियमों पर नजर डालें तो एक्सरे मशीन को आउटडोर में पूरे नार्म से लगाया जाना चाहिए। क्योंकि यहां लोगों का जमघट लगा रहता है। ऐसी स्थिति में एक्सरे से निकलने वाला रेडियेशन अस्पताल में आने वाले लोगों एवं कर्मचारियों को गंभीर बीमारियों की गिरफ्त में ले सकता है। लेकिन अस्पताल में एक्सरे भवन नियमों पर खरा नहीं है।



कैसा हो एक्सरे भवन

अस्पताल में एक्सरे मशीन स्थापित करने के लिए भवन भीड़ वाले स्थान से अलग होना चाहिए। इसकी दीवारें नार्म के हिसाब से अधिक मोटी होनी चाहिए। रेडियेशन के खतरे से बचाव के लिए मशीन एक कक्ष के अंदर दूसरे कक्ष में स्थापित होनी चाहिए, जिससे रोगी और उसके परिजनों की मशीन कक्ष में डायरेक्ट एंट्री नहीं हो सके।

रेडियोग्राफर भी बरत रहे हैं लापरवाही

राजीव गांधी अस्पताल में रेडियोग्राफर बैच लगाकर काम नहीं कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में एक्सरे से निकलने वाले रेडियेशन की रेज का पता ही नहीं चलता कि कर्मचारी पर इसका कितना दुष्प्रभाव आया है। मुम्बई के भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र से मंगवाए गए बैच को निर्धारित अवधि के बाद वहीं भेजा जाता है। जांच में 40 माइक्रॉन से अधिक रेडियेशन होने पर कर्मचारी की एक्सरे विभाग से ड्यूटी बदल दी जाती है या फिर उसे कुछ दिन की छुट्टी पर भेज दिया जाता है।

क्या है बैच

रेडियेशन बैच में कांच की एक प्लेट होती है, जो एक्सरे से निकलने वाले रेडियेशन के एक्सपोज करके रीडिंग करती है। करीब एक हजार रुपए की कीमत के इस बैच को नियमानुसार प्रतिदिन लगाना जरुरी होता है।



एक्सरे मशीन कक्ष के मुख्य द्वार पर ही लगी है, जहां होते हैं सैकड़ों रोगी और परिजन