सर्द हवाओं ने ठिठुराया
भास्कर न्यूज. धौलपुर
शुक्रवार दोपहर से शुरु हुए शीतलहर का दौर शनिवार को भी जारी रहा। हालांकि रातभर तो मौसम साफ रहा, लेकिन सुबह होते ही एक बार फिर से वातावरण में घना कोहरा छा गया, वहीं उत्तर पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं ने हड्डियों तक सर्दी का एहसास करा दिया। मौसम विभाग के मुताबिक सर्दी के बावजूद शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को तापमान में इजाफा दर्ज किया गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री चढ़ कर 23 पर एवं न्यूनतम तापमान एक डिग्री चढ़ कर सात डिग्री पर पहुंच गया। गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री के बीच अटका हुआ है। ऐसे में रुक रुक कर चल रही हवाओं एवं कोहरे से आम जन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।