डकैत दाउदी को पांच साल की सजा
भास्कर न्यूज. धौलपुर
कंचनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने वाले डकैत दाउदी को स्पेशल दस्यु उन्मूलन कोर्ट ने 5 वर्ष की सजा सुनाई है। दाउदी घटना के दिन ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार हुआ था।
स्पेशल लोक अभियोजक समीर शर्मा के मुताबिक घटना 20 अपै्रल 2011 की है। कंचनपुर थाने में तैनात तत्कालीन थानेदार लखन सिंह खटाना एवं डकैत दाउदी पुत्र किरत गुर्जर निवासी सौंहा के बीच मुठभेड़ हो गई थी। दोनों ओर से हुई दर्जनों राउंड फायरिंग के बाद पुलिस ने डकैत को दबोच लिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके खिलाफ पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने एवं सरकारी कर्मचारी पर हमला करने का मामला दर्ज किया था। इन दोनों आरोपों की सुनवाई करते हुए अदालत ने जानलेवा हमला के आरोप में पांच साल एवं सरकारी कर्मचारी पर हमला करने के आरोप में दो साल की सजा सुनाई है। यह दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी।