मतदाताओं को दिलाई वोट डालने की शपथ
भास्कर न्यूज . धौलपुर
दरियापुर आंगनबाड़ी केंद्र एवं राउप्रावि में शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। इस मौके पर नए जुड़े मतदाताओं का तिलक लगाकर एवं माला पहना कर स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में गांव के मतदाताओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। यह जानकारी बीएलओ आनंद स्वरूप बघेला ने दी। इस मौके पर विद्यालय एवं आंगनबाड़ी कर्मियों ने अनिवार्य मतदान का संकल्प लिया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न स्कूलों में समारोह का आयोजन किया गया। छावनी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में नवीन मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें परिचय पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बीएलओ रामबीर सिंह एवं सीताराम शर्मा के सहयोग से किया गया। यह जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य ने दी। वहीं सैंपऊ क्षेत्र के तसीमों स्थित राजकीय शहीद उमावि में कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने बच्चों को अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई। राजाखेड़ा के अतरौली राजकीय माध्यमिक विद्यालय में इस मौके पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इसमें प्राध्यापक कैलाश चंद शर्मा ने मतदान का महत्व बताते हुए युवाओं को अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की। इस मौके पर बीएलओ रामदास शर्मा ने नए मतदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया तथा उपस्थित जन समुदाय को नाम जुड़वाने, सुधरवाने एवं कटवाने के संबंध में जानकारी दी।
बसेड़ी : पंचायत समिति सभागार में शनिवार को एसडीएम नाथूलाल मीणा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि प्रधान लाखन सिंह खिड़ौरा व विशिष्ट अतिथि जिला परिषद सदस्य भानुप्रताप व पंचायत समिति सदस्य लोकेंद्र सिंह परमा व विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह थे। इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि लोकतंत्र को अधिक मजबूत बनाने के लिए निर्भिक होकर, बिना प्रलोभन में आए अपने मत का प्रयोग करना चाहिए। इस दौरान अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने नवमतदाताओं को मतदान करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बीईईओ केदार गिरी, कृष्ण मुरारी मंगल, अनिल गिरी, अशोक तिवाड़ी, शिवचरण लाल सहित बीएलओ मौजूद थे।
सैंपऊ : एसडीएम कार्यालय पर मतदाता दिवस मनाया गया।एसडीएम चेतन चौहान ने ग्रामीणों एवं सरकारी विभागों के कर्मचारियों को ज्यादा से ज्यादा मताधिकारी करने की शपथ दिलाई। एसडीएम ने बताया कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए सरकारी कर्मचारियों के साथ आमजन की सहभागिता जरुरी है। उन्होंने बीएलओ व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने एवं शपथ दिलाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार ओमप्रकाश जैन, गिरदावर सूर्य प्रकाश शर्मा, आनंद कुमार, अकबर खां, जयसिंह परमार, सज्जनबाद तिवारी, शिवगणेश मरैया, शेष कुमार शर्मा, नरेंद्र, हजरत खां, भूरा खां, हरिप्रसाद गर्ग आदि मौजूद थे।
राजाखेड़ा : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पंचायत समिति के सभागार में समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मतदाता सूची में नए जुड़े युवकों को परिचय पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं, अधिकारियों एवं मौजूद कर्मचारियों ने अनिवार्य मतदान की शपथ ली।
सरमथुरा : राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस उपखंड अधिकारी बुध सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मनाया गया। इस अवसर पर एसडीएम ने लोकतंत्र में नागरिकों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में तहसीलदार नवीन भगवती, बीएलओ महावीर दत्त शर्मा, लक्ष्मी नारायण शर्मा, राकेश कुशवाह, शाहिद परवेज, जाकिर हुसैन, विजयी लक्ष्मी प्राचार्य, नवनीत त्रिपाठी, ब्रजमोहन कुलश्रेष्ठ, सचिन शर्मा आदि मौजूद थे।