- Hindi News
- गादली गांव में सिवायचक भूमि पर अवैध कब्जे
गादली गांव में सिवायचक भूमि पर अवैध कब्जे
शाहजहांपुर. मुंडावर तहसील क्षेत्र के गांव गादली में पचास बीघा सिवायचक की जमीन अवैध कब्जों में खो गई है। कागजों में सिवायचक की कुल 75 बीघा जमीन में से 25 बीघा का ही आवंटन हुआ, लेकिन अवैध कब्जे सिवायचक की पूरी जमीन पर है। कब्जे करने वाले भी दबंग लोग हैं। वर्षों से सिवायचक जमीन पर कब्जा किए इन लोगों को नोटिस तक नहीं दिए गए हैं। इनमें सरकारी कर्मचारी तक शामिल हैं।
तहसीलदार प्यारेलाल सूठवाल के अनुसार गादली गांव में खसरा संख्या 57 एवं 313 में करीब 75 बीघा सिवायचक की जमीन थी। खसरा संख्या 57 में से 5 बीघा जमीन वर्ष 1974 के दौरान ग्रामीणों को आवंटित की गई। इसके बाद खसरा संख्या 313 में से 5 बीघा जमीन वर्ष 1999 के दौरान और 15 बीघा जमीन वर्ष 2003 में आवंटित की गई। इस तरह कुल 25 बीघा जमीन आवंटित की गई। शेष पचास बीघा जमीन सिवायचक की बची, जो अब अतिक्रमण के चलते नजर नहीं आ रही। 25 बीघा जमीन जिन लोगों को आवंटित की गई, उनमें से अनेक लोग पात्र ही नहीं हैं। तहसीलदार प्यारेलाल के अनुसार सिवायचक जमीन पर सेवानिवृत्त अध्यापक लालाराम पुत्र नारायण सिंह, नेवी से सेवानिवृत्त गोपीराम पुत्र मंगतूराम यादव, सरकारी स्कूल के अध्यापक प्रवीण कुमार पुत्र जगराम, कलेक्ट्रेट में अमीन पद पर नियुक्त सूबेसिंह पुत्र हरी राम यादव को पट्टे आवंटित किए गए थे, जिन्होंने आवंटित जमीन से अधिक पर अवैध कब्जे भी
कर लिए।