समस्याओं का होगा शीघ्र निस्तारण
भास्कर न्यूज. बाड़ी
पंचायत समिति कार्यालय में विकास अधिकारी दिनेशचंद्र कटारा ने शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सभी समस्याओं के संबंध में लिखित शिकायत मांगी।
उन्होंने बताया कि पंचायत समिति कार्यालय में पूरा सिस्टम व्यवस्थित करने के लिए समस्त अधिकारी व कर्मचारियों को समय पर काम पूरा करने के लिए पाबंद किया गया है। 3 एवं 4 फरवरी को पंचायत समिति के समस्त सदस्यों की कार्यशाला होगी। इसमें ब्लाक स्तरीय अधिकारी भी रहेंगे। इसके अलावा 5, 6 एवं 7 फरवरी को 10-10 पंचायतों का कलस्टर बनाकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। 29 व 30 जनवरी को जेंडर संवेदी रिफ्रेशर की दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें समस्त सरपंच व सचिव भाग लेंगे। बैठक में पंचायत समिति सदस्य हरविलास मुंशी, रामबती, हीरा सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले 4 वर्षों से उन्हें मानदेय नहीं मिला है। कोइला गांव में हैंडपंप खराब है। धीमरी गांव में सीसी खरंजा नहीं कराया गया। इस अव्यवस्था के चलते ग्रामीण प्रतिदिन चोटिल होते रहते हैं। बैठक में राजेश शर्मा, दयानंद वर्मा आदि लोग उपस्थित थे।