टूटी सड़क के लिए ठेकेदार जिम्मेदार
भास्कर न्यूज - धौलपुर
सार्वजनिक निर्माण विभाग ने गारंटी पीरियड के दौरान टूटी सड़कों की जिम्मेदारी तय करनी शुरू कर दी है। विभाग ने यह साफ कर दिया है कि इन सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी। 28 फरवरी से पहले जिले की 175 किमी सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक ठेकेदारों को अगले माह के अंत तक जिले में 175 किमी सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए है। इन सड़कों का काम पूरा होने से नागरिकों को सड़क पर झटका खाने से मुक्ति मिल जाएगी। गौरतलब है कि जिले के तीनों ही खंडों में टूटी सड़कों की भरमार है। इनमें से अधिकांश सड़कें हाल में बनी हैं और गारंटी अवधि में ही टूट गई है।
॥60 दिवसीय योजना के तहत वृत धौलपुर में 175 किलोमीटर सड़क दुरूस्त की जा रही है। जो 28 फरवरी तक ठीक हो जाएंगी। इसी प्रकार सरकारी भवनों की पुताई व सफाई का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।
-एसएल मीणा, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी