बेहतर कल के लिए आज उर्जा बचाएं : सोनी
भास्कर न्यूज. धौलपुर
रोटरी क्लब एवं एचपी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में उर्जा संरक्षण को लेकर सरीन कांप्लेक्स में मंगलवार को विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि नगर परिषद आयुक्त बीएल सोनी ने ऊर्जा की बचत के लिए अभी से प्रयास शुरू करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिये उर्जा की बचत करनी होगी। यह काम हमें अभी से करना होगा, अन्यथा बहुत देर हो जाएगी। देश में प्राकृतिक संसाधन सीमित मात्रा में ही उपलब्ध हैं। यदि इनका दोहन सही रूप में नहीं किया गया तो बहुत जल्दी ये समाप्त हो जाएंगे। इसके बाद हमारी आने वाली पीढ़ी छोटी छोटी चीजों के लिए भी महरूम हो जाएगी। इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी सतीश कुमार ने उर्जा संरक्षण के संबंध में प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस यदि का उपयोग हमें यह सोचकर करना चाहिए कि आगे आने वाली पीढ़ी को भी इसका लाभ मिल सके। विभिन्न कार्यालयों में बिना काम के दिन भर बिजली जलती रहती है। वहीं रेड लाइट पर इंजन चालू रहता है।
यदि इन छोटी-छोटी बचत को भी अपना लें तो हम काफी ऊर्जा की काफी बचत कर सकते है। इस अवसर पर एचपी क्लब व रोटरी क्लब द्वारा जारी पोस्टर एवं बैनर का अतिथियों ने विमोचन किया। एचपी क्लब के सचिव रोहिल सरीन ने बताया कि हम लगातार अभियान चलाकर लोगों को इसके लिए जागरूक कर रहे है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. निखिल अग्रवाल, एचपी क्लब के उपाध्यक्ष अजीत जैन, संयुक्त सचिव अजय बंसल, संतोष गोयल, अतुल कुमार भार्गव, सचिव रोटरी क्लब गौरव गर्ग, डॉ. नरेश शर्मा, आशीष शर्मा, जावेद सामी आदि उपस्थित थे। संचालन एडवोकेट रंजीत दिवाकर ने किया।