अवैध वाहनों से रोडवेज को घाटा
धौलपुर. धौलपुर-बाड़ी राजमार्ग पर बढ़ रहे डग्गेमार वाहनों से रोडवेज को घाटा हो रहा है। इस संबंध में रोडवेज के मुख्य प्रबंधक ने पुलिस अधिकारियों से कार्यवाही की मांग की है।
रोडवेज प्रबंधक के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से एनएच 11बी पर स्थित धौलपुर-बाड़ी मार्ग पर डग्गेमार वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इनमें अधिकतर बसें 35 या 21 सीटर हैं। इन बसों को एनएच पर चलाने के लाइसेंस नहीं हैं। इनका विरोध करने पर रोडवेज कर्मियों के साथ बदसलूकी की जा रही है। बाड़ी में महाराज बाग तिराहा अवैध बस संचालन का अड्डा है। जो कि पुलिस चौकी के पास है। बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर अवैध रूप से बिना परमिट के संचालित मैजिक गाडिय़ों में सवारियों को ढोया जा रहा है। इससे रोडवेज को आर्थिक क्षति हो रही है। बुधवार को रोडवेज धौलपुर के सीएम गिर्राज शर्मा ने बाड़ी के पुलिस उपाधीक्षक मोहनलाल दादरवाल, यातायात प्रभारी परसराम शर्मा तथा निहालगंज थाना प्रभारी सोहनलाल ने अवैध वाहन की धरपकड़ करने के लिए निवेदन किया है।
बिना परमिट चल रही हैं बसें
धौलपुर से मुरैना के बीच बिना परमिट के यात्री बसें संचालित की जा रही हैं। इनमें से अधिकतर बसों पर मध्यप्रदेश परिवहन लिखा है। लेकिन इन बसों पर न तो इन पर राजस्थान में बस संचालित करने का परमिट है और न ही मध्यप्रदेश का। इन बसों की जांच कुछ दिन पहले परिवहन विभाग ने की थी। निरीक्षक रामवीर चौधरी ने बिना परमिट के संचालित बस से जुर्माना वसूला था। मगर सागरपाड़ा पुलिस चैक पोस्ट के साथ अन्य थानों की पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।