- Hindi News
- गांव में पनाह पाने वाले बदमाशों की होगी धरपकड़
गांव में पनाह पाने वाले बदमाशों की होगी धरपकड़
धौलपुर. पुलिस को नागरिकों के प्रति जवाबदेह बनाने के लिए अब पुलिस अधिकारी सप्ताह में दो दिन जन सुनवाई करेंगे तथा सुनवाई में आने वाले परिवादों का पंजीयन किया जाएगा तथा परिवादी को इसकी प्रगति की जानकारी दी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार ने बताया कि जिला पुलिस को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने के लिए सभी उपाधीक्षकों ने सीधी जन सुनवाई करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को उपाधीक्षक धौलपुर संत कुमार यादव, सरमथुरा प्रकाशचंद तथा बाड़ी मोहनलाल दादरवाल ने जन सुनवाई की। बुधवार को उपाधीक्षक मनियां रघुराजसिंह तथा धौलपुर ग्रामीण सीओ मानवेंद्रसिंह ने सुनवाई की है। उन्होंने बताया कि सभी उपाधीक्षकों को निर्देश दिए गए है कि वे एक सप्ताह में दो दिन जन सुनवाई करें। जन सुनवाई में आने वाले प्रार्थना पत्रों का पंजीकरण किया जाएगा तथा उसकी प्रगति से परिवादी को अवगत कराया जाएगा। गांवों से इस आशय की सूचनाएं आ रही है कि बिना ठोस आर्थिक आधार वाले अनेक ग्रामीण लक्जरी गाडिय़ां खरीदकर लाए हैं। अब गांवों में पुलिस सूचना तंत्र विकसित किया जा रहा है। जिससे इस प्रकार के वाहनों तथा उनके स्वामियों के बारे में जिला पुलिस को सूचना मिल सके। इस प्रकार के तत्वों पर निगाह रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि धौलपुर सीमावर्ती जिला है, इसलिए यहां पूरे राजस्थान तथा अन्य राज्यों से चोरी कर वाहन लाए जाते है। कुछ समय बाद आगरा या ग्वालियर में चुराकर लाए वाहनों को बेचा जा रहा है। पुलिस गांवों में आने वाले संदिग्ध वाहनों पर निगाह रखेगी तथा इनकी सूचना मिलने पर धरपकड़ करेगी।
जिलेभर में आयोजित हुए जन सुनवाई कार्यक्रम, जिला कलेक्टर ने कहा-समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी