- Hindi News
- नसबंदी लक्ष्य में जिला फ्लाप, तीस फीसदी नहीं हुआ लक्ष्य
नसबंदी लक्ष्य में जिला फ्लाप, तीस फीसदी नहीं हुआ लक्ष्य
धौलपुर. नसबंदी कार्यक्रम में धौलपुर जिला पिछड़ गया है। कार्यक्रम के तहत आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष जिले में अभी तक तीस फीसदी उपलब्धि भी हासिल नहीं हो सकी है। पूरे राजस्थान की भी उपलब्धि मात्र ४५ फीसदी ही रही है।
यह खुलासा २६ जनवरी को जारी प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट में हुआ है। इस रिपोर्ट के मुताबिक केवल गंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिलों ने ही ७० फीसदी से अधिक लक्ष्य अर्जित किया है। धौलपुर जिले की उपलब्धि मात्र २९ फीसदी ही रही है। अलवर ने ६८ फीसदी एवं भरतपुर ने ३२ फीसदी लक्ष्य हासिल किया है। यह स्थिति उस समय है जब सभी जिलों में लक्ष्य अर्जित करने के लिए देश व्यापी अभियान चलाया जा रहा है। जिलों में महीने के पहले सप्ताह में ही पूरे महीने का कार्यक्रम बना लिया जाता है।
क्यों आ रही है दिक्कत: भारत सरकार ने कार्यक्रम बनाकर इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार को दे दी है। प्रदेश सरकार के पास क्रियान्वयन के लिए न तो पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर है और न ही मैन पॉवर। ऐसी स्थिति में नसबंदी शिविरों की ठीक से मॉनिटरिंग तक नहीं हो पाती। वहीं इस कार्यक्रम से जुड़ी स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा भी आए दिन अनियमितता बरतने की शिकायतें आती है।