बेटियां खुद करेंगी अपनी सुरक्षा
भास्कर न्यूज. धौलपुर
जिले की बेटियां अब अपनी सुरक्षा के लिए किसी की मोहताज नहीं रहेंगी। बल्कि वह खुद अपने पराक्रम के दम पर व्याभिचारियों से निपट सकेंगी। बेटियों में दमखम भरने के लिए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत गुरुवार से आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक गणेश धाकरे ने की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में बेटियों को आत्म रक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इससे उनकी शारीरिक बल में इजाफा होगा ही आत्म विश्वास भी बढ़ेगा। इसके लिए जिले भर में चार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कुल 400 छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम अधिकारी विनोद कुमार झा ने बताया कि प्रतिदिन दो घंटे तक यह प्रशिक्षण चलेगा। इस दौरान सभी छात्राओं को बढिय़ा नाश्ता एवं प्रशिक्षण पूरा होने पर प्रमाण पत्र दिया जाएगा।