छेड़छाड़ के विरोध में स्कूल पर तालाबंदी
भास्कर न्यूज - धौलपुर
महिला थाना पुलिस ने शहर से सटे निसोरे का पुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक अध्यापिका की रिपोर्ट पर संस्था प्रधान के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी प्रभुदयाल ने मामले की जांच हेड कांस्टेबल पंजाब सिंह को सौंपी है।
इससे पहले शिक्षिका एवं गांव की अन्य महिलाओं के साथ दर्जनों ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने संस्था प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्कूल में ताला लगा दिया। करीब घंटे भर बाद मौके पर पहुंचे डीईओ प्राथमिक कैलाश चंद कटारा ने लोगों के साथ समझाईश कर मामला शांत कराया। पुलिस को दी रिपोर्ट में शिक्षिका ने बताया है कि आरोपी कई दिनों से लगातार उसके साथ अश£ील हरकतें कर रहे थे। विरोध करने पर वह विद्यालय से बाहर करने की धमकी देते है।
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब दस बजे दर्जनों की संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में इकट्ठे हुए और संस्था प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए स्कूल में ताला लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने संस्था प्रधान हरिओम शर्मा को चरित्रहीन करार देते हुए उनका पुतला दहन किया।
इसी के साथ ग्रामीण मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने तत्काल डीईओ प्राथमिक कैलाश चंद कटारा को मौके पर भेजा। हालांकि डीईओ ने पहले तो संस्था प्रधान का बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के उग्र रूख को देख उन्होंने अपने तेवर ढीले कर लिए। इसके बाद समझाइश का दौर शुरू हुआ।
करीब घंटे भर की समझाइश के बाद ग्रामीण आरोपी संस्था प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए। वहीं देर शाम पीडि़त शिक्षिका ने खुद महिला थाने में उपस्थित होकर संस्था प्रधान के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दी। पुलिस ने इस रिपोर्ट को दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।