पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रेहड़ी यूनियन ने धरना उठाया, कपिल मंडी में ही करेंगे कारोबार

रेहड़ी यूनियन ने धरना उठाया, कपिल मंडी में ही करेंगे कारोबार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नीमकाथाना. नगरपालिका द्वारा कपिल मंडी बाजार से रेहड़ी व फुटपाथ कारोबारियों को हटाने पर शुरू हुआ धरना व अनशन बुधवार को पालिका प्रशासन व आंदोलनकारियों के बीच लिखित समझौते के बाद समाप्त कर दिया गया। अतिक्रमण अभियान में भेदभाव करने व दुकानों के बाहर चबूतरों से अतिक्रमण नहीं हटाने पर रेहड़ी यूनियन अध्यक्ष ईश्वरदान परदेशी ने साथियों के साथ पालिका कार्यालय के सामने धरना व अनशन शुरू कर दिया था।

ईओ रविंद्रसिंह ने कपिल मंडी बाजार में पालिका द्वारा भविष्य में चलने वाले अभियान में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से कार्रवाई का भरोसा दिलाया। रेहड़ी यूनियन व पालिका प्रशासन के बीच कारोबार के लिए कपिल मंडी में स्थान निर्धारण एवं वेंडिंग जोन बनाने पर सहमति हुई। इसके आधार पर रेहड़ी कारोबारियों को पूर्व की भांति कारोबार करने की छूट दी गई। धरना स्थल पर ईओ ने रेहड़ी यूनियन अध्यक्ष ईश्वरदास को दूध पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस मौके पर बसपा नेता सांवलराम यादव, माकपा सचिव रामावतार लांबा एवं रेहड़ी यूनियन के लोग मौजूद थे।

कपिल मंडी में रेहड़ी लगाने पर विवाद :

कपिल मंडी बाजार में अतिक्रमण हटाने के बाद हालात बिगड़े हुए हैं। पालिका प्रशासन से कारोबार की छूट मिलने के बाद जमीन पर रेहड़ी व खोखे लगाने को लेकर लोग आपस में उलझने लगे हैं। बाजार में कई लोगों ने पांच से दस रेहड़ी व खोखे लगा लिए। रेहड़ी यूनियन पदाधिकारियों ने भी बाजार में व्यवस्थित कारोबार शुरू कराने में इन लोगों को बाधा मानते हुए हाथ खड़े कर दिए हैं। यूनियन ने पालिका प्रशासन को जमीनों पर कब्जा कर वसूली करने वाले दस लोगों की सूची सौंपकर उन्हेें हटाने की मांग की है।

पालिका ने ऐसे लोगों को तीन दिन में हटाने के लिए लिखित में आश्वासन दिया। बुधवार सुबह से बाजार में कई बार विवाद व झगड़े के हालात बने। विवाद को देखते हुए मौके पर पुलिस जवान व अधिकारी तैनात रहे। इससे पूर्व मंगलवार रात को पालिका प्रशासन ने माइक से घोषणा कराई की जो लोग सामान बाजार में छोड़ेंगे, उसे जब्त कर लिया जाएगा। इसके बाद रेहड़ी कारोबार करने वाले अपने--अपने रेहड़ी व खोखे ले गए। बुधवार सुबह खोखे व रेहड़ी लगाने को लेकर विवाद हुए।

कपिल मंडी में रेहड़ी व अनाज के थोक कारोबार के विरोध में ज्ञापन :

कपिल मंडी बाजार में रेहड़ी कारोबार को छूट देने के विरोध में व्यापार संघ ने ज्ञापन दिया। व्यापार संघ अध्यक्ष रामगोपाल ने ज्ञापन में कपिल मंडी में रेहड़ी कारोबारियों को जमीन व कारोबार की छूट देने पर नाराजगी जताई है। संघ ने रेहड़ी व फुटपाथ कारोबारियों को बाजार से बाहर दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है। दूसरी ओर रेहड़ी कारोबारियों ने कपिल मंडी बाजार से अनाज के थोक व्यापारियों को कृषि मंडी शिफ्ट करने व मंडी टैक्स चोरी रोकने की मांग की है। यूनियन अध्यक्ष ईश्वरदास परदेशी ने अनशन तोड़ते हुए दुकानों के बाहर बने चबूतरों को हटाने के लिए आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है। इस मामले में रेहड़ी यूनियन ने हाईकोर्ट तक जाने की तैयारी कर ली है।