पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ऐनवक्त पर नहीं मिली पुलिस मदद, नहीं हटा अतिक्रमण

ऐनवक्त पर नहीं मिली पुलिस मदद, नहीं हटा अतिक्रमण

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रींगस। ग्राम पंचायत बावड़ी क्षेत्र की ढाणी उदावाली में तहसील व पुलिस प्रशासन ने कटानशुदा गैर मुमकीन रास्ते से अतिक्रमण हटाने के लिए बुधवार को समय निश्चित कर संबधित अधिकारियों व कर्मचारियों को पाबंद किया था। बावजूद इसके ऐनवक्त पर पुलिस जाब्ता नहीं मिलने से रास्ता नहीं खोला जा सका।

उदवाली ढाणी वासी कजोड़मल बाजिया आदि ने बताया कि कई वर्षों से भूमाफिया ने कटानशुदा गैर मुमकीन रास्ते पर अतिक्रमण कर रखा है। इससे रास्ता बंद हो गया है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों सहित आमजन को परेशानियों से जूझना पड़ता है। रास्ता खुलवाने के लिए लोग लगातर चार वर्षों से मुख्यमंत्री, कलेक्टर, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार आदि को शिकायत व ज्ञापन देते रहे हैं। इसके बाद तहसीलदार खंडेला सरदारसिंह गिल ने पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर इमदाद मांगी थी, लेकिन बुधवार को ऐनवक्त पर इमदाद नहीं मिलने के कारण अतिक्रमण नहीं हट सका।

तहसीलदार खंडेला ने बताया कि बुधवार को पुलिस इमदाद मांगी गई थी, लेकिन नहीं मिलने से अतिक्रमण नहीं हट सका। आगे समय निर्धारित कर फिर से पुलिस की मदद लेकर जल्द ही रास्ता खुलवा दिया जाएगा।
थाना प्रभारी शायरसिंह पलसानियां ने बताया कि उच्चाधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि छुट्टी वाला दिन निर्धारित किया जाए। इसके बाद पुलिस जाब्ता दिया जाएगा।

सालों पुरानी है समस्या: ढाणी के लोगों ने बताया कि वर्ष 2012 से ज्ञापन देकर शिकायत दर्ज करवा रहे हैं, लेकिन आज तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री को चार बार, कलेक्टर को पांच बार, तहसीलदार को सात बार व सहायक कलक्टर खंडेला को सात बार ज्ञापन देकर रास्ता खुलवाने की गुहार की गई थी, लेकिन समाधान आज तक नहीं हुआ।

सरगोठ में अतिक्रमण हटाने के लिए कलेक्टर को ज्ञापन : सरगोठ ग्राम पंचायत क्षेत्र के राजस्व ग्राम परसरामपुरा में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया है। ज्ञापन में बताया कि प्रभावशाली लोगों ने करीब 40 बीघा जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है। इसमें करीब 25 बीघा जमीन सरकारी है। कुछ लोगों ने पक्के मकान बना लिए तथा कुछ ने खेती कर रखी है। इसे देखकर अन्य लोग भी अतिक्रमण करने में लगे हुए हैं।

बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाया

लोसल. क्लीन सिटी ग्रीन सिटी अभियान में लोसल-सीकर मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगरपालिका एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुधवार को कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण हटाया। नगरपालिका प्रशासन व पुलिस की मौजूदगी में मुख्य बस स्टैंड के दोनों ओर दुकानों के बाहर किया गया अतिक्रमण हटवाया गया।