- Hindi News
- बगीची में चोरी, गाड़ी में आई साध्वी व साथियों पर शक
बगीची में चोरी, गाड़ी में आई साध्वी व साथियों पर शक
लक्ष्मणगढ़. डालमास ग्राम की बगीची में नकदी व अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बुधवार सुबह गाड़ी में सवार होकर आई साध्वी व उसके चार-पांच साथियों पर चोरी का शक जताया गया है। पुलिस के अनुसार डालमास ग्राम की बगीची में कुआं चलाने वाले एवं सारसंभाल करने वाले कुंभसिंह ने रिपोर्ट दी है कि वह स्वयं व उसका एक साथी भगवानाराम बुधवार सुबह करीब पांच बजे बगीची से बाहर निकलकर कुआं चलाने जा रहे थे। बगीची के बाहर सफेद रंग की गाड़ी में एक साध्वी व चार-पांच युवक बैठे थे। थोड़ी देर बाद कुंभसिंह व उसका साथी वापस बगीची में लौटे तो दानपात्र व अन्य सामान नहीं मिला। वहां गाड़ी, साध्वी व उसके साथ आए लोग भी नहीं थे। बगीची के मठाधीश जगदीश महाराज दो दिन से चूरू गए हुए हैं। उनके आने के बाद ही चोरी हुए हुए सामान का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।