पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरैवासा। स्वास्थ्य विभाग में भी अब पुलिस थानों की तरह पीएचसी-सीएचसी सीमा विवाद सामने आने लगे हैं। गुरुवार को भी ऐसा ही मामला सामने आया, जिसमें पलसाना सीएचसी के डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम यह कहते हुए करने से इनकार कर दिया कि महिला की मौत रानोली पीएचसी इलाके में हुई है। परिजन शव लेने का इंतजार करते रहे और पुलिस पलसाना व रानोली के बीच घूमती रही। ऐसे में दो घंटे देरी से पोस्टमार्टम हो सका।
रानोली पीएचसी के डॉक्टर ने पलसाना जाकर पोस्टमार्टम किया। इस पूरे मामले में पुलिस स्वास्थ्य महकमे की गलती बता रही है तो महकमे के अधिकारी पुलिस को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। रानोली रेलवे फाटक के पास एक महिला सुमन ने बुधवार रात ट्रेन आगे कूद कर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस शव लेकर पलसाना पहुंच गई। जैसे-तैसे वहां शव रखवा तो लिया, लेकिन सुबह प्रभारी डॉ बृजमोहन जाखड़ ने घटना दूसरे इलाके की बताते हुए कहा, हम क्यों पोस्टमार्टम करें।
मना करने पर पुलिस रानोली पीएचसी पहुंची और डॉ अभिषेक कुमार दुबे को पलसाना चलकर पोस्टमार्टम करने को कहा। उन्होंने दूसरे केंद्र पर जाने से इनकार कर दिया। बाद में सीएमएचओ डॉ बीएल सैनी के कहने पर डॉ दूबे वहां गए और पोस्टमार्टम हुआ।
-पोस्टमार्टम रानोली ही होना चाहिए था। इसलिए वहां के डॉक्टर को पलसाना भेजा। पुलिस को ध्यान रखना चाहिए कि घटना किस सीएचसी या पीएचसी इलाके में हुई है। -डॉ बीएल सैनी, सीएमएचओ
दो घंटे की देरी पर किसने क्या कहा
मोर्चरी है, इसलिए पलसाना लेकर गए थे शव : एएसआई मोहनलाल के मुताबिक पलसाना में मोर्चरी है, इसलिए रात को शव रखा था। वहां डॉक्टर ने पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया। इस पर लोग आक्रोशित हुए।
जिस इलाके में घटना हो, वहीं होने चाहिए पोस्टमार्टम : पलसाना सीएचसी प्रभारी डॉ. बृजमोहन जाखड़ ने कहा, हादसा कहीं भी हो, शव यहीं ले आते हैं। संबंधित पीएचसी-सीएचसी में ले जाना चाहिए। इसलिए पोस्टमार्टम करने से इनकार किया।
पलसाना के डॉक्टर ने नहीं किया पोस्टमार्टम, इसलिए गया : रानोली पीएचसी प्रभारी डॉ अभिषेक कुमार दूबे कहते हैं कि रानोली में मोर्चरी नहीं है। यहां खुले में ही पोस्टमार्टम करना होता है। पलसाना के डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम नहीं किया तो उन्हें जाना पड़ा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.