नाचते-नाचते कैमरा चुराया, दो गिरफ्तार
नीमकाथाना. कोतवाली पुलिस ने छावनी इलाके में पुत्र जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान कैमरा चोरी होने के मामले में दो जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार छावनी के भडंग का मोहल्ला में अशोक कुमावत के यहां पुत्र जन्मोत्सव के कार्यक्रम में बाघोली निवासी कैलाशचंद्र सैनी फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर रहा था। कैलाश के साथ उसका सहयोगी आकाशदीप भी काम कर रहा था। गुरुवार रात को कार्यक्रम के दौरान कैलाश सैनी खाना खाने के लिए चला गया और आकाशदीप वीडियोग्राफी कर रहा था। इस दौरान फतेहचंद व नरेश जाट कार्यक्रम में पहुंचे और डीजे पर नाचने लगे। दोनों ने आकाशदीप को भी नाचने के लिए बुला लिया तथा फतेहचंद कैमरा लेकर वीडियोग्राफी करने लग गया। बाद में नरेश जाट कैमरा लेकर वीडियोग्राफी करने लगा। कुछ देर बाद कैमरा गायब हो गया। आकाशदीप ने कैमरा मांगा तो किसी ने भी अपने पास होने से मना कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस फतेहचंद व नरेश को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। पूछताछ के दौरान नरेश की निशानदेही पर कैमरा बरामद हुआ। पुलिस ने फतेहचंद व नरेश को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 10-10 हजार रुपए के मुचलकों पर जमानत देने के आदेश दिए।