- Hindi News
- राशन सामग्री नहीं मिलने पर ग्रामीणों का हंगामा
राशन सामग्री नहीं मिलने पर ग्रामीणों का हंगामा
लोसल. राशन सामग्री लेने में परेशानी होने पर शनिवार को बोसाणा के ग्रामीणों ने राशन विक्रेता की दुकान पर हंगामा कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि राशन विक्रेता अधिकांश समय दुकान बंद रखता है। इसके चलते लोगों को राशन समय पर नहीं मिल पाता। सरकार द्वारा चलाई जा रही खाद्य सुरक्षा योजना की सूची में गांव में अधिकतर लोगों के नाम नहीं जुडऩे के कारण उन्हें इसके लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है।
दूसरी ओर ग्राम सेवक अधिकतर अनुपस्थित रहने के कारण महानरेगा योजना में कार्य करने वाले श्रमिको को समय पर भुगतान नहीं मिलने सहित अन्य कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची विकास अधिकारी रश्मि मीणा के समक्ष ग्रामीणों ने राशन विक्रेता पर मनमानी करने व राशन नहीं देने का आरोप लगाते हुए राशन वितरण की जांच एवं ग्राम सेवक को बदलने की मांग की। राशन विक्रेता को पाबंद कर ग्रामीणों को जल्द उक्त समस्याओं का समाधान करने व ग्राम सेवक को बदलने के विकास अधिकारी के आश्वासन के बाद लोग मान गए। इधर, धोद पंचायत समिति विकास अधिकारी रश्मि मीणा का कहना है कि जिन लोगों का खाद्य सुरक्षा योजना सूची में नाम जुडऩे से रह गए हैं, उनके नाम जल्द जुड़वा दिए जाएंगे। राशन वितरण में
परेशानी के लिए विक्रेता को पाबंद कर दिया गया है। जल्द ही ग्राम सेवक को बदल दिया जाएगा।