- Hindi News
- चोरों के आगे पुलिस चित, जिलेभर में एक रात में आठ वारदातें
चोरों के आगे पुलिस चित, जिलेभर में एक रात में आठ वारदातें
भास्कर न्यूज. दांतारामगढ़.
जिले में चोर बेखौफ हो रहे हैं। दांतारामगढ़ के कांकरा में एक घर से पांच लाख रुपए नकदी, आधा किलो सोने के जेवरात चुरा लिए। वहीं रींगस में एटीएम उखाडऩे का प्रयास हुआ। गार्ड के आने से बदमाश भाग निकले। वहीं एक एटीएम को तोड़कर 12 हजार 900 रुपए ले जाने में कामयाब हो गए। दोनों वारदात सोमवार रात हुई। बैंक अधिकारियों ने इस सिलसिले में मुकदमा दर्ज कराया है। कांकरा में हुई चोरी को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है।
दांतारामगढ़ एसएचओ अनिल कुमार डोरिया ने बताया कि कांकरा के राजेंद्रसिंह के चार भाइयों का परिवार हवेली में रहता है। राजेंद्रसिंह की मां दूल कंवर पीहर गई थी। जिस कमरे में मां रहती है उसी में परिवार के गहने व रुपए रखे हुए थे। चोरों ने दरीची के पीछे से मकान में प्रवेश किया। दूल कंवर के कमरे का ताला तोड़ा। बक्से में रखा 46 तोला सोने के आभूषण चुरा लिए। इनमें आड, शीशफूल, कान के झुमके, बाजू व अंगूठियां। इसके अलावा एक किलो 850 ग्राम चांदी के जेवरात भी चुरा लिए। ऊपर एक बक्से में रखे पांच लाख दस हजार रुपए पार कर लिए। चोरों ने वारदात से पहले दूसरे कमरों में सो रहे परिवार के सदस्यों के बाहर से कुंदी लगा दी। मंगलवार सुबह जब परिवार के ओनाड़सिंह उठे तो दरवाजा नहीं खुला। इस पर पड़ोस के लोगों को बुलाकर दरवाजा खुलाया। शेष पेज - 16
जेवरात वाले कमरे का ताला टूटा मिला तो चोरी का पता चला। एमओबी टीम ने मौके से फुटप्रिंट व अन्य सबूत जुटाए हैं। दुलकंवर की तीनों बहुओं के गहने रखे हुए थे।
एक महीने में आधा दर्जन चोरी : दांतारामगढ़ में एक महीने के दौरान आधा दर्जन से अधिक चोरी की वारदात हो चुकी हैं। एक भी वारदात पुलिस नहीं खोल सकी है। इनमें पांच दिन पहले डीड राईटर की दुकानों का ताला तोड़ लिया गया। पचार में भी दो तीन जगहों पर चोरी हुई थी। दांता में एक घर से बाइक चोरी हुई। करड़ के जैन मंदिर में अज्ञात चोर अष्टधातु से निर्मित मूर्तियों व चांदी का छत्र व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा छह महीने पहले कांकरा गांव में टेलर की दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा भी नहीं हुआ है।
करीब 25 लाख रुपए की हुई है चोरी : कांकरा में चोरी हुए सोने, चांदी के जेवरातों की कीमत 20 लाख रुपए आंकी जा रही है। वहीं पांच लाख रुपए नकद जोडऩे पर राशि 25 लाख रुपए हो जाती है। कांकरा दूल कंवर के घर के अलावा एक और मकान में भी चोरों ने सेंध लगाई। बक्सों में कुछ नहीं मिला तो सामान छोड़कर चले गए।