- Hindi News
- घरों के आगे डाला कचरा, लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी
घरों के आगे डाला कचरा, लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी
फतेहपुर. कस्बे के वार्ड 31 में नगरपालिका के कर्मचारियों ने घरों के आगे गंदगी से भरी ट्रॉलियां डाल दी। मोहल्लेवासियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही कचरे को नहीं उठाया गया तो नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। वार्डवासियों का कहना है कि नगरपालिका को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कर दिया गया था। नगरपालिका इससे पहले भी मोहल्ले के लोगों के साथ कई बार ऐसा कर चुकी है, लेकिन मंगलवार को लोग भड़क गए। नगरपालिका के एसआई कैलाश सोनी का कहना है कि कचरा डालने वाले की उन्हें जानकारी नहीं है। कचरा नादिन ली प्रिंस की हवेली के पास डाला गया है, जहां अक्सर विदेशी आते जाते रहते हैं।
टोडावता प्रदेश मंत्री नियुक्त
दांतारामगढ़. राजस्थान किसान यूनियन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार सारण ने रघुनाथ टोडावता निवासी कल्याणपुरा क ो राजस्थान किसान यूनियन के प्रदेश मंत्री पद पर मनोनीत किया है। राजस्थान किसान यूनियन के प्रवक्ता एडवोकेट रामलाल भामू ने बताया कि राजस्थान प्रदेश यूनियन की प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
प्रियदर्शिनी अवार्ड के लिए चयन
दांतारामगढ़. स्वामी नित्यानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय दांता की छात्रा संतोष मीणा का इंदिरा प्रियदर्शिनी अवार्ड के लिए चयन किया गया है। संतोष को गणतंत्र दिवस पर आयोजित राउमावि दांतारामगढ़ में एसडीएम मनीराम बागडिय़ा द्वारा सम्मानित किया गया। संतोष ने बोर्ड की दसवीं परीक्षा में 85.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एसटी कोटे में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। संतोष मीणा को एक लाख रुपए आगे के अध्ययन के लिए राज्य सरकार द्वारा दिए जाएंगे।
सीएम से मिले महंत दिनेशगिरि
फतेहपुर. राजस्थान गोसेवा समिति का प्रतिनिधि मंडल राजस्थान गोसेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष महंत दिनेशगिरि के नेतृत्व में सोमवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री से मिला। स्वामी सुमेधानंद व स्वामी राघवाचार्य भी उनके साथ थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के सामने गोसेवा समिति ने मांगें रखी। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जिन मांगों को शामिल किया था, उन्हें शीघ्र लागू किया जाए। महंत दिनेशगिरि ने गो मंत्रालय और गोतस्करी के कानूनों की जानकारी चाही। इस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि गो मंत्रालय का प्रारूप बना लिया गया है जो अन्य मंत्रालयों की तरह जिला, तहसील व पंचायत स्तर तक कार्य करेगा। महंत दिनेशगिरि ने शेखावाटी में बढ़ती गोतस्करी के बारे मेें बताया तो मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बुलाकर इस पर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। इस मौके पर गोसेवा समिति के गोवैज्ञानिक जानकी प्रसाद गुप्ता ने गाय के गोबर से कागज ((पेपर)) व बिजली तथा गैस बनाने के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने इस पर गंभीरता से चर्चा की और भरोसा दिलाया कि सरकार की तरफ पूरी मदद करेंगे।
सीबीआई जांच की मांग
सीकर. बहुजन समाज पार्टी राजस्थान जिला महासचिव मुकेश राड़ ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर सीकर जिले में हुए गोलीकांड की सीबीआई जांच की मांग की है। पत्र में जिले में रोज हो रही चोरी व लुट की घटनाओं को रोकने की भी मांग की गई है।