कलश यात्रा में गूंजे मंगल गीत
नीमकाथाना. बालेश्वर स्थित शिव धाम पर एक फरवरी से होने वाले महायज्ञ के लिए बुधवार को रामलीला मैदान से कलश यात्रा निकाली गई। आयोजक सुशील भट्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं व श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए। मंगल गीत गाती महिलाओं ने कलश धारण कर गांवड़ी मोड़ तक कलश यात्रा निकाली। इसके बाद उन्हें वाहनों से बालेश्वर धाम पहुंचाया गया। महायज्ञ आयोजन समिति ने बताया कि प्रतिवर्ष बालेश्वर धाम पर इलाके की शांति व समृद्धि के लिए महायज्ञ किया जाता है।
महावा में महायज्ञ का समापन : महावा के दूधाधारी आश्रम पर चल रहा नौ कुंडीय मारुति महायज्ञ बुधवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। इसके बाद संतों के प्रवचन हुए। आयोजन समिति के बिहारीदास महाराज ने बताया कि त्रिवेणीधाम के नारायणदास महाराज के सानिध्य में हुए मारुति महायज्ञ के दौरान त्रिवेणी से पहुंचे संतों ने प्रवचन किए। पूर्णाहुति कार्यक्रम में घूघाड़ी धाम के संत बजरंगदास महाराज, नरसीदास सहित कई संत व श्रद्धालु शामिल हुए।
बुबाना में भंडारे व प्राण-प्रतिष्ठा में उमड़े
दांतारामगढ़. बुबाना पहाड़ी पर लाखों रुपए की लागत से नवनिर्मित मंदिर में मां दुर्गा की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा का पांच दिवसीय कार्यक्रम समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
भगवानसिंह ने बताया कि इस दौरान अखंड रामायण पाठ व दुर्गा सप्तशती पाठ किए गए, वहीं पंचकुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामवासियों ने आहुतियां दी। मंगलवार रात्रि को भजन हुई। बुधवार को सुबह मूर्ति की प्राण--प्रतिष्ठा की गई। इस दौरान भंडारा भी हुआ। इसमें अनेक गांवों की कन्याओं को भोज कराया गया। भंडारे में हजारों ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण कर माताजी के दर्शन किए।