नांगल स्कूल से कम्प्यूटर चोरी
पलसाना. रामावि नांगल में बुधवार रात चोर कम्प्यूटर ले गए। प्रधानाध्यापक गंगाराम वर्मा ने बताया कि स्कूल के कम्प्यूटर कक्ष का ताला तोड़कर चोर छह एलसीडी, दो सीपीयू, नौ माउस, डाटा केबल, पांच कीबोर्ड, एक इंटरनल ट्यूनर, दो स्पेस वी कार्ड आदि ले गए। स्कूल गेट से रोड होने के कारण गाड़ी वगैरह के निशान नहीं मिले। चोरी की रिपोर्ट पुलिस थाना रानोली में दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर जायजा लिया।दूसरी ओर मंढ़ा के अंतर्गत बिजारणियों की ढाणी में बुधवार रात को जाग हो जाने पर चोर डीपी छोड़कर भाग गए। जानकारी के अनुसार घरेलू कनेक्शन की डीपी के तार काटकर चोरों ने उसकी तांबे की प्लेट निकालना शुरू किया, लेकिन जाग हो जाने पर वे उसे छोड़कर भाग गए।
थ्रेशर से युवक का हाथ कटा
पलसाना. ग्राम पंचायत ठीकरिया के अंतर्गत बाज्या की ढाणी में ट्रैक्टर थ्रेशर मशीन में पूळे काटते समय युवक का हाथ कट गया। जानकारी के अनुसार कमलेश कुमार पुत्र सरदारसिंह निवासी बाज्या की ढाणी अपने पड़ोस में पूळे काट रहा था। इसी दौरान उसका हाथ थ्रेशर मशीन में आ गया। कमलेश को पलसाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से सीकर रैफर कर दिया गया।