- Hindi News
- सेकंड ग्रेड अध्यापक भर्ती परीक्षा 21 फरवरी से
सेकंड ग्रेड अध्यापक भर्ती परीक्षा 21 फरवरी से
नगरसंवाददाता - श्रीगंगानगर
आरपीएससी की सेकंड ग्रेड अध्यापक भर्ती लिखित परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होगी। पांच दिन तक चलने वाली यह परीक्षा सुबह व शाम की पारी में अलग-अलग विषयों की होगी। परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय के साथ पदमपुर, करणपुर, सादुलशहर व सूरतगढ़ में भी परीक्षा केंद्र बनेंगे। प्रशासन ने फिलहाल परीक्षा केंद्रों का प्रस्ताव आरपीएससी को भेजा है।
सूत्रों के अनुसार 21 फरवरी को सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान की परीक्षा होगी। इसका समय सुबह दस से बारह बजे तक होगा और इसमें 26 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके बाद 22 फरवरी को सुबह की पारी में संस्कृत, शाम की पारी में विज्ञान, 23 फरवरी को सुबह सामाजिक विज्ञान व शाम को हिंदी, 24 फरवरी को सुबह अंग्रेजी व शाम को गणित तथा 25 फरवरी को सुबह उर्दू व शाम को पंजाबी/गुजराती विषय की परीक्षा होगी। सुबह की पारी का समय सुबह 9 से 11:30 बजे तक तथा शाम की पारी का समय दोपहर 2 से 4:30 बजे तक होगा।
विषयवार परीक्षाओं में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी सामाजिक विज्ञान के 12 हजार तथा सबसे कम गुजराती में महज एक ही है। आरपीएससी के निर्देश आने के बाद प्रशासन ने परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पांच दिन तक चलेंगी अलग-अलग विषयों की परीक्षा