- Hindi News
- राइडर : संकरी सड़क से सटाकर लगाया गया ट्रांसफार्मर ट्रांसफार्मर से टकराया ट्रोला, शाम तक बहाल नह
राइडर : संकरी सड़क से सटाकर लगाया गया ट्रांसफार्मर ट्रांसफार्मर से टकराया ट्रोला, शाम तक बहाल नहीं हो बिजली सप्लाईछह दिन पहले ही बदला गया था ट्रांसफार्मर, बन सकता है बड़े हादसे की वजह
भास्कर न्यूज - संगरिया.
रेलवे फाटक 51सी पर बन रहे ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड पर शनिवार सुबह 9 बजे एक ट्रोला बिजली ट्रांसफार्मर से टकरा गया। सड़क से बिलकुल सटाकर लगाए गए इस ट्रांसफार्मर को सिर्फ छह दिन पहले ही बदला गया था। दुर्घटना के कारण बिजली की तारें भी टूट गई और इलाके की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई, जो देर रात ११ बजे तक बहाल नहीं हो पाई। इससे आस-पास के लोगों में रोष है। हंसराज बेनीवाल, मदन सिंगला, मंगतराम, गुरसेवक सिंह, अमरजीत सिंह ने बताया कि शनिवार को कई वाहन इस ट्रांसफार्मर से टकराते-टकराते बचे। पहले भी 19 जनवरी को तूड़ी की ट्राली टकराने के कारण ही ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ था। विभाग को इसे सड़क से परे हटाकर लगाने के लिए कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। संजय आर्य, खेतपाल बेनीवाल ने बताया कि ओवरब्रिज के साथ बनी सर्विस रोड बेहद संकरी है। उस पर ट्रांसफार्मर के कारण भी असुविधा होती है। यह कभी भी बड़ी घटना का कारण बन सकता है। जोधपुर डिस्कॉम ने ट्रांसफार्मर की जगह नहीं बदली तो इलाके के लोगों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। तहसीलदार विक्रमसिंह राठौड़ ने बताया कि जोधपुर डिस्कॉम के जेईएन को ट्रांसफार्मर सड़क से परे लगाने के लिए कहा गया है। वहीं शाम छह बजे के बाद विद्युत कर्मियों ने लीकेज ट्रांसफार्मर को रिपेयर करके सड़क के किनारे से हटाकर थोड़ा दूर लगाया। इसके बाद शाम 6.20 बजे विद्युत सप्लाई शुरू की गई। ट्रांसफार्मर से तेल दोबारा लीकेज होने के कारण इसमें आग लग गई और बिजली सप्लाई फिर ठप हो गई।
बच्चे कनस्तर में भरकर ले गए तेल
शनिवार सुबह ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने के बाद इलाके की लाइट गुल होने के साथ-साथ इसमें से तेल रिसने लगा। आस-पास रहने वाले बच्चे बोतलें, कनस्तर और बाल्टियां लेकर पहुंच गए और तेल भरकर ले जाने लगे। खास बात यह रही कि घटना की सूचना मिलने के बाद भी काफी समय तक जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और तेल ले जाने का सिलसिला जारी रहा। बच्चों को किसी ने भी रोकने की जहमत नहीं उठाई जबकि इससे कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।