- Hindi News
- गुरुकुल कॉलेज के संचालकों पर अनियमितताएं बरतने का आरोप
गुरुकुल कॉलेज के संचालकों पर अनियमितताएं बरतने का आरोप
भास्कर न्यूज - सूरतगढ़
लालपुरा-पालीवाला स्थित गुरुकुल कॉलेज में बीएड कर चुके छात्र अध्यापकों ने सोमवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंप कॉलेज संचालकों पर अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाया। छात्र राजवीरसिंह, मनीषकुमार, राकेशकुमार, रोहिताश कौशिक, नरेंद्र सुथार, श्रीभगवान, सोनू ढिढारिया, प्रतापसिंह सहित आदि ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में लिखा है कि वे गुरुकुल कॉलेज में वर्ष 2012-13 में बीएड के नियमित विद्यार्थी थे। कॉलेज संचालकों ने इस दौरान अनियमितताएं बरती, छात्रों ने जब इसका विरोध किया तो प्रायोगिक अंकों का दबाव दिखाकर डराया धमकाया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज में प्रवेश के समय उनसे जमा करवाए गए निर्धारित शुल्क के अलावा प्रवेश शुल्क, स्पोट्र्स व लाइब्रेरी शुल्क के रूप में अतिरिक्त शुल्क लिया गया। यही नहीं कॉलेज में 100 सीटों पर विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था लेकिन नियमित आने वाले विद्यार्थियों की संख्या 40 की ही थी। ज्ञापन में लिखा है कि कॉलेज संचालक कॉलेज में नियमित नहीं आने का कहकर 30 हजार रुपए अलग से जमा करवाने की मांग करते रहे। साथ ही ऐसे विद्यार्थियों को प्रायोगिक अंक नियमित विद्यार्थियों से अधिक देने की। आरोप है कि परीक्षा के समय जो छात्र नियमित आया उसके प्रायोगिक परीक्षा के कम अंक भेजे गए और जो पूरे सत्र में एक बार भी नहीं आया उसे नियमित विद्यार्थियों की अपेक्षा अधिक अंक दिए गए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।