गोदाम से 54 क्विंटल ग्वार चोरी
भास्कर न्यूज - सादुलशहर
संगरिया रोड पर स्थित एक गोदाम से बीती रात ग्वार की 54 बोरियां ((५४ क्विंटल)) चोरी हो गईं। उक्त गोदाम में चौकीदार रात को सोता रहा और उसे वारदात की भनक तक नहीं लगी। अज्ञात चोर ग्वार से भरी बोरियों को ट्रैक्टर-ट्राली में खाली कर बारदाना पास के एक खेत में फेंककर चले गए। मौके पर दो ट्रैक्टर-ट्रालियां आने के निशान पाए गए। मिली जानकारी के अनुसार, चक दस केआरडब्ल्यू में स्थित व्यापारी महावीर सिंह भादू के वेयर हाऊस में ग्वार की बोरियां रखी थीं। घटना से थोड़ी दूरी पर गांव अमरगढ़ के समीप एक खेत में ग्वार की खाली बोरियां मिली हैं। सूचना पाकर सीआई मोहरसिंह पूनिया पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
सीआई ने बताया कि अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला आरी से काटा और फिर ग्वार की बोरियों को दीवार फांदकर दूसरी ओर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में डालकर ले गए। गोदाम के चौकीदार से भी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही गोदाम परिसर में खड़े एक ट्रैक्टर में से बैटरी व डैक भी चोरी हो गया। सीआई मोहर सिंह पूनिया ने बताया कि इस संबंध में गांव नुकेरा के किसान जगराज सिंह पुत्र धीर सिंह ने मामला दर्ज करवाया कि उसने अपनी ग्वार की फसल की 54 बोरियां भादू वेयर हाऊस में रखी थी, जिसे अज्ञात चोर चुराकर ले गए। गौरतलब है कि मंगलवार रात्रि को भी बस स्टैंड के समीप अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों में पाड़ लगाकर चोरी करने का प्रयास किया था परंतु उन्हें फल-सब्जी एवं मामूली नकदी ही हाथ लगी थी।
अपहरण करने वाले आरोपी को तीन वर्ष की सजा
श्रीगंगानगर. सदर थाना सूरतगढ़ से नाबालिग लड़की का अपहरण करने वाले एक आरोपी को न्यायालय ने तीन वर्ष कारावास की सजा सुनाई है। दोषी रमेश उर्फ मेशू निवासी 3 एसएचपीडी पर एक हजार रुपए जुर्माना भी लगाया है। यह निर्णय महिला मामलों के विशेष न्यायालय ने सुनाया। रमेश के खिलाफ 19 अक्टूबर २०12 सदर थाना सूरतगढ़ में एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था कि वह उसकी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया था।