शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
भास्कर न्यूज. शाहपुरा
श्री प्रतापसिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय में दो सालों से रिक्त प्राध्यापकों के पदों को भरने की मांग को लेकर बुधवार को एनएसयूआई के छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए कॉलेज के मुख्य द्वार पर उच्च शिक्षा मंत्री का
पुतला फूंका। एनएसयूआई कॉलेज इकाई अध्यक्ष योगेश ब्यावट, जिला कांग्रेस सचिव दिलीप गुर्जर व यूथ कांग्रेस महासचिव हितेष शर्मा की अगुवाई में किए गए प्रदर्शन में सैकड़ों छात्र मौजूद थे।
एनएसयूआई के कालेज इकाई अध्यक्ष योगेश ब्यावट ने कहा कि लंबे समय से एनएसयूआई द्वारा इस मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। ब्यावट ने चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र उनकी मांग को पूरा नहीं हुई तो एनएसयूआई के छात्र अनशन करेंगे। जिला कांग्रेस सचिव दिलीप गुर्जर ने कहा कि राजस्थान में बीजेपी की सरकार बने हुए 40 दिन से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन सरकार विद्यार्थियों की इस समस्या पर अभी तक कोई ध्यान नहीं दे रही है। उल्लेखनीय है कि 27 जनवरी से कॉलेज में प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू होने वाली है पर अब तक गणित, वनस्पति शास्त्र सहित कई विषयों के प्राध्यापक नहीं है। इस मौके पर एनएसयूआई उपाध्यक्ष तरुण सिंह, महासचिव अश्विन सेन, निलय कौशिक, निखिल गौतम, नरेश सेन, रूपेश सुवालका, अनिल सोनी आदि मौजूद थे।
अतिक्रमण हटाने के निर्देश
गुलाबपुरा. एसडीएम एनएल राठी ने हुरड़ा तहसील क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायतों पर हुरड़ा तहसीलदार को तीन दिन में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम को भगवानपुरा व कंवलियास के ग्रामीणों ने अतिक्रमण व अवैध रूप से मिट्टी का दोहन करने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसी तरह गढ़वालों का खेड़ा, फलामादा खेजड़ी से भी शिकायतें आई।
एसडीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में पटवारी व गिरदावर को पूरा नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। आगूंचा के भगवानपुरा में अतिक्रमण, उर्जा का खेड़ा में अतिक्रमण व अवैध रूप से मिट्टी दोहन की शिकायत पर तहसीलदार को निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं।
गुलाबपुरा-भीम ग्रामीण बस सेवा
गुलाबपुरा. गुलाबपुरा से भीम वाया आसींद बस सेवा शुरू हो गई है। रोडवेज बस स्टैंड से राजस्थान ग्रामीण परिवहन बस सेवा का शुभारंभ नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष धनराज गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इन बसों में महिला एवं वरिष्ठ यात्रियों को सफर करने पर छूट मिल सकेगी। गुलाबपुरा से बस सेवा सुबह 6.30, 10 व दोपहर 1.30 बजे जाएगी।