5 घरों से जेवर व नकदी चोरी
भीलवाड़ा/गंगापुर. गंगापुर थाना क्षेत्र के पोटला गांव में गत रात चोरों ने एक के बाद एक पांच घरों के ताले तोड़ सोने-चांदी के जेवर, नकदी व अन्य सामान चुरा लिया। एक रात में पांच घरों में चोरी की वारदात पर ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए घटना की जानकारी पोटला चौकी पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना स्थल का निरीक्षण कर चोरी का मामला दर्ज किया।
कस्बे के मूलचंद खटीक के घर का ताला तोड़ चोरों ने कमरे में रखी आलमारी से एक किलो चांदी के कड़े, पायजेब, एक तोला सोने का टीका, चेन, अंगूठी व पांच हजार रुपए चुरा लिए। चोरों ने श्यामलाल खटीक के घर से भी ताला तोड़कर सोने का नेकलेस, एक टॉप्स जोड़ी व दो हजार रुपए चुरा लिए। गांव के ही रोशनलाल खटीक के घर से एक जोड़ी पायजेब व घरेलू सामान समेट लिया। हजारी खटीक के घर से भी कीमती सामान चुरा ले गए। इसी तरह रामप्रसाद खटीक घर में भी चोर घुसे, लेकिन वहां उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। चौकी पुलिस को अवगत कराया जो मौके पर पहुंची तथा घटना स्थल का निरीक्षण किया। बाद में मूलचंद खटीक की रिपोर्ट पर गंगापुर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।