- Hindi News
- बड़लियास उप तहसील कार्यालय में कब होगा काम काज
बड़लियास उप तहसील कार्यालय में कब होगा काम काज
गेंदलिया. राज्य सरकार की ओर से कोटड़ी उपखंड के बड़लियास में खोले गए उपतहसील कार्यालय में कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को आज भी पहले की तरह परेशानी उठानी पड़ रही है। राज्य सरकार की ओर से लगाए नायब तहसीलदार रतनलाल कुमावत व आफिस कानूनगो भगवतीलाल शर्मा के कार्यभार संभाले एक पखवाड़े से अधिक समय हो गया, लेकिन अधिकारी कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था नहीं होने से उप तहसील कार्यालय शुरू नहीं हो पा रहा है। राजस्व संबंधी कार्यों के लिए गेंदलिया, आमा, सूठेपा, बड़लियास पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण 40 किमी दूर कोटड़ी तहसील मुख्यालय पर आने-जाने में परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान उठाने को विवश हैं। तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने से छुटकारा मिलने की उम्मीद लगाए ग्रामीणों में अधिकारियों की अनदेखी से रोष है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नारायणसिंह मीणा ने बताया कि उप तहसील कार्यालय भवन के निर्माण की 126 लाख की निविदा स्वीकृति के बाद कार्यादेश जारी हो गए हैं।
नरेगा कार्य में 20 श्रमिक अनुपस्थित
आसींद. महानरेगा कार्य में मोतीपुरा ग्राम पंचायत में चल रहे सड़क निर्माण कार्य की जांच की तो मस्टररोल के अनुसार 20 श्रमिक मौके से नदारद मिले। बीडीओ कन्हैयालाल वर्मा ने इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए पंचायत सचिव को मेट हेमराज गुर्जर को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए हैं।