पंचायत उपचुनाव 14 फरवरी को
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के रिक्त हुए पदों पर उप चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया है। कार्यक्रम के तहत सात ग्राम पंचायतों में सरपंच, पांच उप सरपंच तथा 38 वार्ड पंचों के लिए मतदान 14 फरवरी को होगा। जिले में सात सरपंचों का चुनाव होना है, इनमें चार पंचायतें ऐसी हैं, जहां पद रिक्त होने के कारण चुनाव हो रहे हैं। मांडलगढ़ पंचायत समिति की तीन ग्राम पंचायतों में आम चुनाव होंगे। चुनाव क्षेत्रों में राजनैतिक दलों व अभ्यर्थियों के लिए आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 30 जनवरी को निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जाएगी। 13 फरवरी को सुबह आठ से 11 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। सुबह 11.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच तथा दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी होगी। आवश्यक होने पर 14 फरवरी को सुबह आठ से शाम छह बजे तक मतदान और इसके तुरंत बाद मतगणना होगी। 15 फरवरी को उपसरपंच का चुनाव होगा।
यहां होगा सरपंचों का चुनाव
मांडलगढ़ पंचायत समिति की श्यामपुरा, सुरास, शाहपुरा की सांगरिया व रायपुर ग्राम पंचायत में सरपंच के लिए उपचुनाव होगा। इसी तरह मांडल पंस की संतोकपुरा व जहाजपुर पंस की बागूदार ग्राम पंचायत में उपसरपंच के लिए उपचुनाव होगा। इन पंचायतों में यह पद रिक्तहो गए हैं। इसी तरह मांडलगढ़ पंचायत समिति की होड़ा, गेणोली व बल्दरखा ग्राम पंचायत में आम चुनाव होगा। इन ग्राम पंचायतों में नौ-नौ वार्ड पंच, एक-एक उप सरपंच व सरपंच के लिए मतदान होगा।
इन पंचायतों में होगा वार्ड पंच उपचुनाव
आसींद पंस की मोड़ का निंबाहेड़ा पंचायत में वार्ड छह, पड़ासोली के वार्ड तीन, करजालिया के वार्ड तीन, मांडलगढ़ में धामणिया के वार्ड पांच, हुरड़ा के कंवलियास में वार्ड आठ, मांडल के संतोकपुरा में वार्ड चार, जहाजपुर के रोपां में वार्ड दो, टीकड़ में वार्ड सात, बागूदार में वार्ड सात, शाहपुरा के ढीकोला में वार्ड आठ व बनेड़ा ग्राम पंचायत के वार्ड नौ में पंच के लिए उपचुनाव होगा।