बैंड की धुन पर जयघोष के साथ मिलाए कदम
भास्कर न्यूज - आसींद
हाथों में दंड लिए जयघोष के साथ बैंड की धुन पर कदम से कदम मिलाते हुए कतारबद्ध छात्र-छात्रा। जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत करते कस्बावासी। अवसर था मंगलवार को आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा निकाले गए पथ संचलन का। पथ संचलन भीम मार्ग से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न मार्गों से होता हुआ प्रताप सर्किल, नृसिंह द्वारा, बड़ा मंदिर, गांधी चौक, मालियों का मोहल्ला होते हुए निकला। पथ संचलन में विद्यार्थियों का अनुशासन आकर्षण का केंद्र रहा।
करेड़ा. नगर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर आदर्श विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं द्वारा मंगलवार को पथ संचलन निकाला गया। प्रधानाचार्य पूरण सिंह के अनुसार संचलन घोष वादन के साथ विद्यालय से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ पुन: विद्यालय पहुंचा, जहां बोस की जयंती समारोह का आयोजन हुआ। संचलन के दौरान एसडीएम नरेंद्र कुल्हरी, डीएसपी सौभाग सिंह, थानाधिकारी नेमीचंद, आसींद थाना अधिकारी तुलसी राम, रायपुर थानाधिकारी, बागौर थानाधिकारी मय जाब्ते के मौजूद रहे।
खाद्य सुरक्षा शिविर आयोजित
करेड़ा. नगर के देवनारायण मंदिर में खाद्य सुरक्षा शिविर का आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन करेड़ा व्यापार मंडल के तत्वावधान में हुआ। व्यापार मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह चुंडावत ने बताया कि शिविर में 40 रजिस्ट्रेशन व दस लाइसेंस बनाए गए। व्यापार प्रकोष्ठ तहसील अध्यक्ष महावीर चौरडिय़ा ने खाद्य व्यापारियों से चार फरवरी तक लाइसेंस तथा रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही।