देव प्रतिमा पर गंदगी देख लोग गुस्साए
भास्कर न्यूज - शाहपुरा
कस्बे के छतरी चौराहा स्थित धर्मस्थल पर मंगलवार सुबह देव प्रतिमा पर गंदगी लगी मिली। घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बाजार बंद करा दिए तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धर्म स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कलेक्टर व एसपी से वार्ता के बाद लोगों ने कार्रवाई के लिए एक फरवरी तक का समय दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह 8 बजे पूजा अर्चना के लिए धर्म स्थल पहुंचे कस्बावासियों को प्रतिमा पर गंदगी लगी मिली। देखते ही देखते यह खबर कस्बे में फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री रामेश्वरलाल धाकड़ व बजरंगदल के जिला संयोजक मुकेश प्रजापत की अगुवाई में घटना के विरोध स्वरूप बाजार बंद करा दिए गए। मौके पर पहुंचे एसडीओ बीएल वर्मा को भी प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा।
करीब एक घंटे बाद प्रदर्शन करते हुए सैकड़ों लोग चौराहे पर धरने पर बैठ गए। इन लोगों की मांग थी मामले का राजफाश कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। इस बीच पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल को घटना की जानकारी दी। मेघवाल के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर व एसपी राघवेंद्र सुहासा भी दोपहर में यहां पहुंचे तथा धरना स्थल पर लोगों को समझाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में दोनों अधिकारियों ने नगर पालिका में प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की तब बाजार बंद व आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा की गई। शाहपुरा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आंदोलन व बंद को देखते हुए भीलवाड़ा व सहाड़ा के एएसपी, जहाजपुर व गुलाबपुरा के डीएसपी तथा आस पास के थानों से एसएचओ मय जाब्ते के शाहपुरा पहुंचे थे। रात तक वहां स्थिति सामान्य थी तथा अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया हुआ था।
:भीलवाड़ा. घटना से गुस्साए लोगों को समझाते कलेक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर व एसपी राघवेंद्र सुहासा।