योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी हो
भास्कर न्यूज - आसींद
राजस्थान पंचायतीराज रिफ्रेशर प्रशिक्षण अभियान के तहत बुधवार को पंचायत समिति सभागार में पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। कार्यशाला के शुभारंभ पर बीईईओ संपतलाल टेलर ने कहा कि पंचायतीराज की विभिन्न योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ कन्हैयालाल वर्मा ने की। दक्ष प्रशिक्षक शिक्षा प्रसार अधिकारी बीएल सेन ने जेंडर संवेदनशीलता के प्रमुख मुद्दे नेतृत्व विकास, महिलाओं के हक संबंधी कानूनी जानकारी दी गई। इस मौके पर भ्रूण हत्या रोकथाम संबंधी फिल्म दिखाई गई।
हुरड़ा. कार्यशाला में जेंडर संवेदी शासन के लिए नेतृत्व विकास के मुद्दों पर सभी सरपंचों व सचिवों को बीडीओ डॉ.कमलेश उपाध्याय, कार्यक्रम अधिकारी दशरथ विक्रम शर्मा, अरुणा शर्मा, चंदा पाराशर, अशोक जैन व शांतिलाल जैन ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। कार्यशाला में प्रधान समता देवी बैरवा, सरपंच प्रेमदेवी वैष्णव, जिया देवी गुर्जर, लाली देवी, सायरीदेवी जाट ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।
गंगापुर. जेंडर संवेदी शासन के लिए नेतृत्व विकास के लिए पंचायत समिति जनप्रतिनिधियों को को बुधवार से प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। बीडीओ राजेश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में सरपंच व पदेन सचिवों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कोटड़ी. पंचायत समिति सभागार में बुधवार को दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। कार्यशाला में ब्लॉक के सरपंच व सचिव मौजूद थे। कार्यशाला को बीडीओ सुधीर पाठक ने संबोधित किया।
जनप्रतिनिधियों ने नहीं दिखाई रूचि
मांडल.पंचायत समिति के सभा भवन में दो दिवसीय जेंडर संवेदन प्रशिक्षण शुरू हुआ। जिसमें ब्लॉक के सरपंचों को भाग लेना था, लेकिन जनप्रतिनिधियों में प्रशिक्षण के प्रति रूचि नहीं दिखाई दी। क्योंकि मंगलवार को पंचायत समिति सदस्यों के प्रशिक्षण शिविर में 25 सदस्यों में से मात्र 2 सदस्य पहुंचे और बुधवार को 46 सरपंचों में से केवल 15 सरपंच ही शिविर में पहुंचे।