पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आरोपी युवक पुलिस गिरफ्त में

आरोपी युवक पुलिस गिरफ्त में

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - शाहपुरा
शाहपुरा पुलिस ने बुधवार को देर शाम कार्रवाई करते हुए बालाजी की छतरी स्थित देव प्रतिमा पर मंगलवार को गंदगी डालने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक की मंशा कस्बे में धार्मिक उन्माद फैलाने की थी। शाहपुरा सीआई पन्नालाल जांगिड़ ने यह जानकारी देर रात कस्बा चौकी में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। पत्रकार वार्ता में एएसपी शरद चौधरी व एडीएम ((प्रशासन)) अरुण हसीजा भी मौजूद थे।
सीआई जांगिड़ ने बताया कि 27 जनवरी को सुबह देव प्रतिमा पर गंदगी की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे तथा कार्रवाई शुरू की थी। इस संबंध में रामेश्वरलाल धाकड़ की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। वारदात के दिन उसी चौराहे पर भीड़ में एक संदिग्ध व्यक्ति की सूचना पर उसे हिरासत में लिया गया था। आज उस संदिग्ध व्यक्ति मुराद खां पुत्र पीरू खां कायमखानी निवासी शाहपुरा को धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी युवक ने देव प्रतिमा पर गंदगी डालना वीडियो कैमरे के सामने कबूल किया है। आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में मौजूद एएसपी शरद चौधरी व एडीएम अरुण हसीजा ने इस मामले में संयम बरतने पर आम जनता का आभार जताते हुए ऐसी घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं नहीं हो, इसके भी पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।
बंद रहे बाजार, किया प्रदर्शन
इस घटना के विरोध में दूसरे दिन बुधवार सुबह से ही अधिकांश व्यापारियों ने स्वैच्छा से प्रतिष्ठान बंद रखे। बजरंग दल के जिला संयोजक मुकेश प्रजापत की अगुवाई में सुबह छतरी चौराहा पर एकत्र होकर लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद युवाओं ने बाजार में रैली निकाली। दिनभर कस्बे के बाजार बंद रहे। देर शाम व्यापार मंडल व विभिन्न संगठनों की सभा में दोषियों की गिरफ्तारी न होने तक बाजार बंद रखने व आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया था। नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी व विहिप के जिला मंत्री रामेश्वरलाल धाकड़ ने इसकी घोषणा की थी। इसके लिए व्यापार मंडल ने समर्थन दिया।
यूं आया शक के घेरे में
देव प्रतिमा पर गंदगी डालने से आक्रोशित लोगों की भीड़ में मुराद खां भी था। उसकी पेंट की एक जेब पर सिंदूर लगा था। उसके हाथों से भी बदबू आ रही थी। मुखबिर की सूचना पर सीआई जांगिड़ ने युवक को हिरासत में ले लिया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम के घटना स्थल के साक्ष्य लेने के बाद आरोपी युवक की पेंट पर लगे सिंदूर व उसके नाखूनों की भी जांच की तो प्रारंभिक तौर पर देव प्रतिमा के साक्ष्यों से मेल खाए। इस पर युवक को गिरफ्तार किया गया।