पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभीलवाड़ा। पंडेर कस्बे के पास सरसों के खेत में बुधवार सुबह महिला का शव मिला। सात दिन पुराने इस शव को जानवरों द्वारा नोंच देने से शव क्षत-विक्षत हो चुका था। देर रात मृतका की पहचान गोपीपुरा गांव की हजारी देवी मीणा के रूप में हुई। शव का पंडेर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। डीएसपी जहाजपुर खेमराज खोलिया के अनुसार, बुधवार सुबह पंडेर कस्बे के पास सावर रोड स्थित कैलाश रैगर अपने खेत पर सरसों की फसल देखने गया, जहां फसल के बीच उसे एक 35 वर्षीय महिला का शव मिला। खेत में शव देख वह डर गया। घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों व पंडेर थाने पर दी गई।
इस पर एएसआई ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। शव को अस्पताल लाया गया तथा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा पहचान के प्रयास शुरू करते हुए इसकी जानकारी आसपास के गांवों में दी गई। रात में जहाजपुर थाना क्षेत्र के गोपीपुरा गांव का देबी उर्फ भोमसिंह पुत्र भवाना मीणा पंडेर अस्पताल पहुंचा तथा मृतका की शिनाख्त अपनी पत्नी हजारी देवी मीणा के रूप में की।
उसका कहना है कि हजारी देवी कुछ दिन पूर्व अपने ससुराल गोपीपुरा से पीहर बूंदी जिले के हिंडोली थाना क्षेत्र में बिशनपुरा गांव जाने की कहकर घर से निकली, लेकिन वहां नहीं पहुंची। इस पर देबी व उसके परिजनों ने हजारी देवी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चलने पर 5 जनवरी को जहाजपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। मृतका का शव पंडेर अस्पताल में रखा है, जिसे गुरुवार सुबह परिजनों को सौंपा जाएगा।
घाघरा व लूगड़ी पहने है महिला
एएसआई ओमप्रकाश के अनुसार, सरसों के खेत में मृत मिली महिला ने कबूतरी रंग का घाघरा, पीली लूगड़ी, नारंगी रंग का ब्लाउज पहन रखा। पैरों में पायजेब के साथ ही उसकी कमर पर धागा बंधा है।
जानवरों ने नोंच दिया चेहरा
महिला का चेहरा, एक हाथ की कोहनी व एक पैर की जांघ को जानवरों ने नोंच डाला है। पुलिस ने महिला की मौत को संदिग्ध मानते हुए शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से आने पर ही महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.