झाड़ू रखने के काम आ रही चौकी
भास्कर न्यूज - मांडलगढ़
सीएलजी मीटिंग गुरुवार को एसडीएम बीसी गंगवाल व डीएसपी धर्मेंद्र कुमार यादव की मौजूदगी में हुई। सीएलजी सदस्यों ने मीटिंग में लिए जाने वाले प्रस्तावों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि मीटिंगों में विभिन्न प्रस्ताव लिए जाते हैं, लेकिन इन पर अमल नहीं किया जाता। सदस्य तल्ख अंदाज में बोले, व्यवस्था देखो कस्बा चौकी सफाई कर्मियों के झाडू रखने के काम आ रही है। इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस पर एसडीएम बीसी गंगवाल ने सीएलजी मीटिंगों में लिए गए प्रस्तावों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
सदस्यों ने बताया कि सात-आठ माह के दौरान हुई मीटिंगों में कस्बे के स्टेच्यू सर्किल पर यातायात व्यवस्था गड़बड़ाने, बेतरतीब वाहनों का जमावड़ा, पार्किंग व अतिक्रमण की समस्या के समाधान के प्रस्ताव लिए गए। इसके बावजूद इनका अब तक समाधान नहीं हो पाया है। स्थिति यह है कि पुरानी आबादी स्थित पुलिस चौकी अनदेखी का शिकार हो रही है। चौकी सफाई कर्मियों के झाडू रखने के काम आ रही है। इस पर एसडीएम गंगवाल बोले, चलो ठीक है अब तक जो हुआ ऐसा नहीं होगा। यह कहते हुए उन्होंने पुलिस अफसरों को समस्या समाधान के निर्देश दिए। डीएसपी यादव ने अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभाग को पर्याप्त जाब्ता उपलब्ध कराने की बात कही। पुलिस चौकी में रिक्त पद के संबंध में उन्होंने कहा कि मांडलगढ़ में 44 पद हैं, इसमें से 24 पद ही भरे हैं। उन्होंने वाहनों को नो पार्किंग जोन में खड़ा करने पर चालान बनाने व नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन जब्त करने के निर्देश दिए। मीटिंग में बृजमोहन सारस्वत, रामस्वरूप पोरवाल, हाजी हनीफ मोहम्मद सिलावट, सुशील जोशी सहित कई लोग उपस्थित थे।
यहां मीटिंगों में यह रहा खास
बदनौर में हुई मीटिंग में स्वच्छता अभियान पर चर्चा हुई। जिला समन्वयक दिनेश चौधरी ने निर्मल भारत योजना की जानकारी दी। योजना की क्रियान्विति के लिए 11 सदस्यों की स्वच्छता समिति बनाई गई। भंवरलाल शर्मा को समिति का अध्यक्ष बनाया गया। पंडेर मीटिंग में सदस्यों ने अधिकारियों को पानी व बिजली समस्या से अवगत कराया। आसींद मीटिंग में अतिक्रमण व ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर चर्चा की गई। गंगापुर में हुई सीएलजी मीटिंग में सदस्यों ने कस्बे की यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।