तीसरे दिन खुले शाहपुरा के बाजार
भास्कर न्यूज - शाहपुरा
बालाजी की छतरी चौराहा स्थित देव प्रतिमा पर गंदगी लगाने के विरोध में बंद कस्बे के बाजार तीसरे दिन गुरुवार को खुल गए। बाजार खुलने पर पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के तत्वावधान में विभिन्न संगठनों की ओर से बालाजी की छतरी से रैली निकाली गई। इसके बाद एडीएम अरुण हसीजा व एएसपी शरद चौधरी को पांच सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इधर, पुलिस ने बुधवार रात हिरासत में लिए गए आरोपी मुराद खां को गिरफ्तार कर लिया।
गुरुवार सुबह दस बजे तक बाजार नहीं खुले। बालाजी की छतरी चौराहा पर धरना व सभा शुरू हो गई। विहिप के प्रांत मंत्री सुरेश गोयल व प्रांत उपाध्यक्ष ओमप्रकाश बूलियां की मौजूदगी में हुई सभा विहिप जिला मंत्री रामेश्वरलाल धाकड़, पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, पूर्व पालिका अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़ सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। सभा में आरोपी की गिरफ्तारी हो जाने पर बाजार खोलने की बात पर कुछ युवा इस बात पर अड़ गए कि अभी षडयंत्रकारियों की गिरफ्तारी शेष है। इस बात को लेकर कुछ देर हंगामे की स्थिति भी निर्मित हो गई।
इस पर प्रमुख पदाधिकारियों व प्रशासन के आला अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। एडीएम हसीजा व एएसपी चौधरी ने सभी मामलों में सहयोग का आश्वासन देते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। इसके बाद विहिप के जिला मंत्री रामेश्वरलाल धाकड़ ने आंदोलन को स्थगित कर बाजार खोलने की घोषणा की। इस दौरान बजरंग दल जिला संयोजक मुकेश प्रजापत, नगर संयोजक गिरधर मूंदड़ा, भाजपा नगर महामंत्री पंकज सुगंधी, भाजपा नेता रमेश मारू, राजाराम पोरवाल, भगवान सिंह यादव, राधेश्याम जीनगर, कैलाश धाकड़, ललित गुर्जर, चुन्नीलाल सिंधी, पार्षद नरेश व्यास आदि मौजूद थे।