अतिक्रमण हटाए, सामान जब्त
भास्कर न्यूज - नोखा
नगर पालिका नोखा द्वारा बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। वहीं कटला चौक निवासियों ने कटला चौक एवं सदर बाजार में प्रभावी तौर पर अतिक्रमण हटाने की मांग जिला कलक्टर को पत्र भेजकर की है। नगरपालिका ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कस्बे के तहसील रोड, घंटाघर, सदरबाजार, मिर्ची बाजार, नया बाजार, मस्जिद चौक, जैन चौक आदि क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाए। नगर पालिका आयुक्त महारतन गहलोत ने बताया कि व्यापारियों द्वारा अतिक्रमण कर सड़क पर रखा गया सामान जब्त कर फिर से रोड पर सामान नहीं रखने की हिदायत दी गई। फिर से अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई भी की जाएगी और अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध रूप से पार्किंग किए गए वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु करने की कार्रवाई की। र्कारवाई के दौरान नारायणसिंह राजपुरोहित, एसआई धर्मसिंह, आरएसी के जवान, नगर पालिका कार्मिक, सफाई कार्मिक भी साथ थे। कटला चौक के निवासियों ने भी उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।