- Hindi News
- सड़क दुर्घटनाओं में लगातार मौतें, रोकने के इंतजाम नहीं
सड़क दुर्घटनाओं में लगातार मौतें, रोकने के इंतजाम नहीं
भास्कर न्यूज - बीकानेर
सड़क दुर्घटनाओं में लोग जान गंवा रहे हैं और जिला व पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के कारगर प्रयास ही नहीं किए जा रहे।
जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बिना परमिट की निजी बसें और ओवरलोड गाडिय़ां धड़ल्ले से दौड़ रही हैं। पड़ताल करने पर सामने आया कि बीकानेर से नोखा के लिए 40 से ज्यादा निजी बसें सवारियां ढो रही हैं। इन बसों को परमिट तो उदयरामसर बाइपास होते हुए जाने का है लेकिन ये हाईवे पर बिना रोकटोक धड़ल्ले से पलाना होते हुए निकल जाती हैं। ऐसे ही हालत लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला रूट पर चलने वाली निजी बसों के हैं। आपसी प्रतिस्पर्धा में तेजी से भागती ये निजी गाडिय़ां अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं और लोगों की जान ले रही हैं। ओवरलोड गाडिय़ां भी बेखौफ हाइवे पर चल रही हैं। जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस इस स्थिति को नजरअंदाज किए हैं। कानून को दरकिनार कर दुर्घटनाओं को अंजाम दे रहे वाहनों पर नकेल डालने की बजाय हाइवे पर कुछ स्थान चिह्नित कर वहां दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र के बोर्ड लगाकर ड्यूटी पूरी कर ली गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से तय की जाने वाली प्राथमिकताओं में हर बार दुर्घटनाओं को रोकना शामिल किया जाता है, लेकिन उसके लिए कारगर प्रयास नहीं किए जाते। बीकानेर जिले में पिछले तीन सालों में 1096 लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।