वनशाला शिविर में हुई प्रतियोगिताएं
नोखा - श्री जैन आदर्श कन्या शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय वनशाला शिविर में तीसरे दिन मंगलवार को कई प्रतियोगिताएं हुई। शिविर प्रभारी हितेन्द्र मारु ने बताया कि बोरी कूद महिला प्रतिस्पर्धा में सावित्री ग्रुप की बबलू ने प्रथम, गार्गी ग्रुप की देवी बाई ने द्वितीय तथा अनुसूइया ग्रुप से लिछमा तीसरे स्थान पर रहीं। तश्तरी फेंक महिला प्रतिस्पर्धा में गार्गी ग्रुप से पार्वती भादू प्रथम, मैत्रेयी ग्रुप से रामेश्वरी द्वितीय तथा मैत्रेयी ग्रुप से लक्ष्मी छींपा व गार्गी ग्रुप से मैना संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार पुरुष प्रतिस्पर्धा में आजाद ग्रुप से नारायणराम प्रथम, भगतसिंह ग्रुप से पुखराज द्वितीय तथा आजाद ग्रुप से प्रेमदान तृतीय रहे। बेडमिंटन महिला प्रतिस्पर्धा में मैत्रेयी ग्रुप प्रथम तथा अनुसूइया ग्रुप द्वितीय व पुरुष प्रतिस्पर्धा में आजाद ग्रुप से प्रेमदान विजयी रहे। क्रिकेट प्रतियोगिता पुरुष में भगतसिंह ग्रुप ने आजाद ग्रुप को व महिला वर्ग में फाइनल मैच सावित्री एवं अनसुइया ग्रुप के मध्य घोषित हुआ। मांगीलाल बागड़ी राजकीय महाविद्यालय में भी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शारीरिक शिक्षा अनुदेशक कुलवंतसिंह संधू के नेतृत्व में 100, 200, 300, 400, 800, एवं 1500 मीटर दौड़, जेवेलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, ऊंची कूद, लंबी कूद, त्रिकूद, कुश्ती, वॉलीबाल आदि प्रतियोगिताएं हुई।
दुष्कर्म के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग
नोखा - छह माह पुराने दुष्कर्म के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पीडि़ता ने मंगलवार को पुलिस वृत्ताधिकारी को ज्ञापन सौंपकर की है। पीडि़ता ने ज्ञापन में बताया कि छह माह पूर्व घट्टू निवास प्रेम के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था लेकिन पुलिस ने आज तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। खुलेआम घूम रहा आरोपी उसे लगातार धमकियां भी दे रहा है।
शहीद मेजर जेम्स थोमस को याद किया
महाजन - शहीद मेजर जेम्स थोमस की आठवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को महाजन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। संकल्प संस्थान की ओर से आयोजित सभा में वक्ताओं ने शहीद मेजर जेम्स थॉमस के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके पद चिह्नों पर चलकर देश सेवा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पूर्णचंद सेठिया, प्रधानाध्यापक चितमन नाथ, विनोद सियाग, नंदलाल वर्मा आदि उपस्थित थे। वहीं अर्जुनसर में अर्जुन एकेडमी में गोविंद शर्मा, प्रभुदयाल वर्मा आदि ने विद्यार्थियों को शहीद मेजर जेम्स थॉमस की जीवनी से अवगत करवाया।
पांचू को उपतहसील बनाने की मांग
पांचू - नोखा उपखंड के गांव पांचू को उपतहसील बनाने की मांग मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को ज्ञापन भेजकर की गई है। जमनादास स्वामी ने बताया कि सीएम को भेजे ज्ञापन में बताया है कि नोखा उपखंड में पांचू क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़ा गांव है। यहां पर स्थित पुलिस थाना क्षेत्र में 32 गांव आते हैं। ग्रामीणों की सुविधा के लिए पांचू को उपतहसील बनाए जाए।
झोंपड़े में आग से घरेलू सामान जला
काकड़वाला - ग्राम पंचायत रोझां की नई आबादी में सोमवार रात को करीब नौ बजे रामप्रताप मेघवाल के झोंपड़े में अचानक आग लग गई। आग से झोंपड़े में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। झोंपड़ा जलने के बाद रामप्रताप ने अपनी पत्नी व बच्चे के साथ पूरी रात खुले में बिताई। सूचना मिलने पर सरपंच रिछपाल कड़वासरा मौके पर पहुंचे और पीडि़त को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
स्कूल का वार्षिकोत्सव मनाया
देराजसर - नव जागृति शिक्षण संस्थान लिखमीसर उतरादा का वार्षिकोत्सव मंगलवार को मनाया गया। समारोह का शुभारंभ भाजपा आरटीआई प्रकोष्ठ के जिला संयोजक आशीष जाड़ीवाल, भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष बजरंग सारस्वा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। विशिष्ट अतिथि भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष धूड़ाराम डेलू, तोलाराम जाखड़ ने विद्यार्थियों को लक्ष्यपूर्ति के लिए प्रेरित किया। समारोह में प्रकाश गोदारा व हनुमान खिलेरी को सम्मानित किया गया। शाला निदेशक गणेश जाखड़, प्रधानाचार्य फूसाराम सिद्ध ने आभार जताया।
शराब तस्कर की रिमांड अवधि बढ़ाई
देराजसर - शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार चालक प्रदीप दर्जी को पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड अवधि दो और बढ़ाने की मांग की। इस पर न्यायालय ने आरोपी की रिमांड अवधि दो दिन और बढ़ा दी।