पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शैतानसिंह की मौत पर बिश्नोई समाज आक्रोशित

शैतानसिंह की मौत पर बिश्नोई समाज आक्रोशित

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - नोखा
फलोदी के ननेऊ गांव की रोही में हिरण शिकार का विरोध करने पर शैतानसिंह बिश्नोई के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा सहित बिश्नोई समाज ने की है।
अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के राजाराम धारणिया, रामस्वरूप धारणिया, एडवोकेट रामप्रताप बिश्नोई, निरंजन खिचड़, प्रहलाद गोदारा, शिवकरण डेलू, ओमप्रकाश पूनिया आदि ने उपखंड अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि मंगलवार रात को शिकारियों ने ननेऊ गांव की रोही में हिरणों का शिकार किया। ननेऊ गांव के निवासी शैतानसिंह बिश्नोई ने शिकार करने का विरोध किया तो शिकारियों ने गोली मारकर शैतानसिंह की हत्या कर दी। बिश्नोई समाज के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में प्रदेश में खुलेआम हो रहे वन्य जीवों के शिकार पर रोष जताया है। ज्ञापन में वन्य जीव करते हुए मौत को गले लगाने पर शैतानसिंह को शहीद का दर्जा देने, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही हत्यारों को गिरफ्तार करने, शिकारियों की हिस्ट्रीशीट खोलने की मांग की है। शीघ्र ही कोई कार्रवाई नहीं होने पर ज्ञापन में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। वहीं दूसरी ओर जीव रक्षा संस्था बीकानेर के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को मुख्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर शैतानसिंह बिश्नोई के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। ज्ञापन में पुलिस व प्रशासन की उदासीनता के चलते लगातार बढ़ रही वन्य जीवों के शिकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
बज्जू संवाददाता के अनुसार फलोदी के ननेऊ गांव में शिकारियों द्वारा शैतानसिंह बिश्नोई की हत्या से बिश्नोई समाज में रोष है। बुधवार को बिश्नोई समाज और व्यापारियों ने घटना की निंदा की। बाजार पूरी तरह से बंद रहा। कस्बे के श्री गुरु जंभेश्वर मंदिर परिसर में बिश्नोई समाज की बैठक हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में समाज के साथ अन्य वर्गों के लोग और व्यापारी रैली के रूप में राजस्व उप तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां पर उपतहसीलदार चंद्रा राम आर्य को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में शैतानसिंह बिश्नोई को शहीद का दर्जा देने, मृतक के परिवार को विशेष आर्थिक सहायता पैकेज देने, शहीद स्मारक बनवाने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, जीव रक्षा के लिए जांभा क्षेत्र में विशेष टास्क फोर्स गठित करने व हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। इस अवसर पर कैप्टन मोहनलाल गोदारा, जीवनराम कड़वासरा, कच्ची आढ़त व्यापार संघ के अध्यक्ष मांगीलाल भांभू, कृषि मंडी बीकानेर के उपाध्यक्ष गणपत राम बिश्नोई, करणाराम गर्ग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व व्यापारी उपस्थित थे। इससे पूर्व राजस्व तहसील कार्यालय के समक्ष दो मिनट का मौन रखकर शैतानसिंह बिश्नोई की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
कोलायत संवाददाता के अनुसार अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के तहसील अध्यक्ष हरीराम धायल सहित वन्य जीव प्रेमियों ने शैतानसिंह बिश्नोई के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के जिलाध्यक्ष इमीलाल नैण ने उपखंड अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर हत्यारों को गिरफ्तार करने के साथ ही वन्य जीव रक्षार्थ शैतानसिंह बिश्नोई को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। ज्ञापन देने गए प्रतिनिधि मंडल में नेमचंद पंचारिया, खींयाराम सैन, भगवान देव सारस्वत, बनवारी लाल, सत्यनारायण साध, शिवकरण सिंवर, भंवर खिखनिया आदि उपस्थित थे।
खाजूवाला संवाददाता के अनुसार जीव रक्षा संस्था बीकानेर के महासचिव रामकिशन डेलू ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को पत्र प्रेषित कर हिरण की रक्षार्थ शहीद पर्यावरण प्रेमी शैतानसिंह बिश्नोई के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है।