- Hindi News
- सिर में कुल्हाड़ी मारकर वनकर्मी की हत्या
सिर में कुल्हाड़ी मारकर वनकर्मी की हत्या
भास्कर न्यूज - लूणकरणसर/काकड़वाला
लूणकरणसर के चक 293 में एक युवक ने वन विभाग के कर्मचारी के सिर में कुल्हाड़ी मारकर उसकी हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन वन कर्मचारी का शव नहीं मिला है।
लूणकरणसर सीओ प्रह्लादसिंह ने बताया कि नोखा में लालमदेसर निवासी प्रेम कुमार मेघवाल ((40)) वन विभाग में गार्ड था। करीब तीन सालों से उसका पदस्थापन लूणकरणसर में था। इस दौरान कस्बे से करीब चार किलोमीटर दूर चक 293 स्थित ढाणी में रहने वाली एक महिला से उसके अवैध संबंध हो गए। महिला का पुत्र टीकूराम मेघवाल ((20)) इससे खफा था। मंगलवार की रात को करीब दो बजे वनकर्मी शराब पीकर बाइक पर सवार होकर महिला की ढाणी में पहुंच गया। इस दौरान टीकूराम ने उसे देख लिया और बातों में बहलाकर रोझा पुलिस के पास नहर के किनारे ले गया। वहां ले जाकर उसने प्रेम कुमार के सिर में कुल्हाड़ी मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को नहर में फेंक दिया और मौके पर बिखरे खून को मिट्टी डालकर छिपाने का प्रयास किया।
टीकूराम बाइक को करीब 100 मीटर दूर ले गया और उसे भी नहर में डाल दिया। इत्तला मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गोताखोरों ने नहर में वनकर्मी के शव की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि पानी का बहाव तेज होने के कारण शव बहकर आगे निकल गया। गुरुवार को फिर से नहर में शव की तलाश की जाएगी। एएसआई लालचंद की ओर से थाने में हत्या का मामला दर्ज करवाया गया है।