दूसरी दिन भी नहीं मिला वनकर्मी का शव
लूणकरणसर - कुल्हाड़ी से हत्या कर नहर में फेंके गए वनकर्मी प्रेमकुमार मेघवाल की लाश दूसरे दिन गुरुवार को भी नहीं मिली। पुलिस ने गोताखोरों व अन्य संसाधनों की मदद से नहर में शव ढूंढऩे का दिनभर प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। गौरतलब है कि बुधवार को लूणकरणसर के चक 293 में एक युवक ने वन विभाग के कर्मचारी की सिर में कुल्हाड़ी मारकर उसकी हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया।
श्मशान भूमि से कब्जे हटाने की मांग
लूणकरणसर - मनाफरसर गांव की श्मशान भूमि से अवैध कब्जे हटाने की मांग ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर की है। पूर्व सरपंच लालचंद गोदारा, श्रवण राम गोदारा, मनीराम, गोपीराम, मनरूप राम, रामलाल, ओमप्रकाश, रेवंतराम, बनवारी, भींयाराम, दया राम आदि ने उपखंड अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि तहसीलदार ने सीमाज्ञान करवाकर श्मशान भूमि से कब्जे हटाने के नोटिस जारी किए थे। नोटिस जारी होने के छह माह बाद भी कब्जे हटाने की कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में तहसीलदार को अवगत करवाया लेकिन उन्होंने भी कोई कार्रवाई नहीं की।
मारपीट के मामले में दो जेसी, तीन रिमांड पर
कोलायत - भूखंड विवाद को लेकर बुधवार को कोलायत में हुई चाचा-भतीजे की आपसी मारपीट के मामले में दो जनों को जेसी किया गया और तीन जनों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। कोलायत एसएचओ विकास बिश्नोई ने बताया कि बुधवार को हुई मुठभेड़ के आरोप में आरोपी महेंद्र राम कांजर तथा शिवराज को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जहां उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं द्वारकाराम कांजर, संजू व बुलेंद्र को रिमांड पर लिया गया है।
दुकान में घुसकर मारपीट करने का आरोप
लूणकरणसर - दुकान में घुसकर मारपीट करने व ज्वैलरी सेट ले जाने का मामला पुलिस थाना लूणकरणसर में दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार नारायण शंकर ने बताया कि उसने अपने भाई विमल की दुकान को खोला। तभी ताराचंद सोनी के घर से औरतें सामान लेने के लिए आई।तभी कुछ और औरतें भी आ गई। इन औरतों के पास थैलियों का रंग एक जैसा होने के कारण बदल गई। कुछ समय बाद ताराचंद शराब पीकर आया और गाली गलौज करने लगा। उसके पीछे ताराचंद, दलीप, चंपालाल, मोहित कुमार सोनी आए और उसे दुकान से बाहर निकालकर मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपी जाते समय आर्टीफिशियल ज्वैलरी का सेट ले गए। वहीं दूसरी ओर संतोष पत्नी ताराचंद सोनी ने नारायण के खिलाफ उसकी पुत्री के साथ अभद्र व्यवहार कर लज्जा भंग करने, बैग से सात हजार रुपए व सोने की अंगूठी निकालने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है।
आरोपियों को जमानत पर छोड़ा
गजनेर - गजनेर पुलिस द्वारा आम्र्स एक्ट में गिरफ्तार किए गए राजू सिंह राजपूत व अवैध जिप्सम खनन के आरोपी ट्रक चालक राधाकिशन बिश्नोई को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया।
स्कूल में मिली शराब व बीयर की बोतलें
कोलायत - क्षेत्र के सियाणा जोधासर में स्थित राउप्रावि का निरीक्षण गुरुवार को एसडीएम जयसिंह मेघवाल ने किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में शराब व बीयर की खाली बोतलें पड़ी मिली। उपखंड अधिकारी जयसिंह मेघवाल ने बताया कि गुरुवार को जब स्कूल में पोषाहार की जांच करने के लिए रसोई में गए तो वहां पर बीयर व शराब की खाली बोतलें पड़ी मिली। इस संबंध में एसडीएम ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
हिरण के शव का पोस्टमार्टम किया
पांचू - पांचू थाना क्षेत्र के काहिरा गांव के पास २८ जनवरी की रात को दस बजे हुए चार चिंकारा हिरणों के शिकार मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक हिरण के शव का पांचू पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड में चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशा अरोड़ा, डॉ. विजयकुमार व डॉ. सतेंद्रसिंह शामिल थे। इस अवसर पर पांचू पुलिस के एसआई पोकरराम बारुपाल, वन्य जीव रक्षा संस्था के जिला अध्यक्ष मोखराम धारणिया, तहसील अध्यक्ष महीराम दिलोइया भी उपस्थित थे। पोस्टमार्टम के बाद हिरण के शव को दफना दिया गया। सूचना मिलने पर आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में बिश्नोई समाज के लोग एकत्र हो गए और हिरण शिकार के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। ग्रामीणों के एकत्र होने की सूचना मिलने पर नोखा सीओ भवानीसिंह भी मौके पर पहुंच गए लेकिन एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
लड़की का अपहरण करने के आरोपी पकड़े
नोखा - लड़की के अपहरण का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्यवाहक एसएचओ धर्मसिंह ने बताया कि मंगलवार रात को रीको से अपने भाई के साथ जा रही लड़की सरोज के अपहरण करने का प्रयास करने वाले कृपालसिंह व महावीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विद्यार्थी मित्रों ने की बयान की निंदा
मोमासर - मोमासर के सार्वजनिक पुस्तकालय में विद्यार्थी मित्र शिक्षकों की बैठक गुरुवार को विद्यार्थी मित्र तेजाराम कमलिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिक्षा मंत्री द्वारा विधानसभा में दिए गए विद्यार्थी मित्रों को स्थायी करने का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं होने के बयान की निंदा की गई। इसके विरोध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन प्रेषित किया।
कांग्रेस सम्मेलन को लेकर बैठक आज
नोखा - बीकानेर में तीन फरवरी को प्रस्तावित कांग्रेस किसान सम्मेलन व डूडी के सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को डूडी हाऊस पर देहात व शहरी कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। देहात अध्यक्ष नारायणराम सियाग ने बताया कि बैठक में सम्मेलन को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी।