वादियों से लेकर सड़कों तक सिर्फ कोहरा
भास्कर न्यूज - सिरोही
आधे राजस्थान में मंगलवार को हुए मावठ के बाद बुधवार को जिलेभर में कोहरा छाया रहा और दिनभर चली सर्द हवाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। हाडकंपाती सर्दी ने जनजीवन को भी प्रभावित कर दिया। हालांकि, हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान एक ही दिन में ढाई डिग्री तक बढ़ गया है, लेकिन सर्द हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिली। बुधवार को माउंट आबू का न्यूनतम तापमान ३.६ डिग्री से बढ़कर ६ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
वहीं अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरकर १८ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिनभर चली हाडकंपाती सर्द हवाओं से बचने के लिए लोग गर्म लबादों में लिपटे नजर आए, तो जगह-जगह अलाव जलाकर भी सर्दी से बचने का जतन किया। बुधवार सवेरे कोहरा छाने से हार्ईवे पर वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। विजिबिलिटी एकमद कम होने से वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलाना पड़ा। वहीं सर्दी के कारण लोगों की दिनचर्या भी बदल गई है। शहरवासी सवेरे देर तक बिस्तरों में दुबके रहे तथा शाम को भी जल्दी ही काम खत्म कर घरों में चले गए। चाय की थडिय़ों और गर्म पकवानों की दुकानों पर भी दिनभर लोगों की भीड़ नजर आई।