- Hindi News
- अब संपर्क समाधान केंद्रों से सुनी जाएंगी आमजन की शिकायतें
अब संपर्क समाधान केंद्रों से सुनी जाएंगी आमजन की शिकायतें
भास्कर न्यूज - सिरोही
प्रदेश की वसुंधरा सरकार ने अब जनसुनवाई के लिए नया पैटर्न लागू कर दिया है। शिकायतें दर्ज करने के लिए अब जिलेभर में संपर्क समाधान केंद्र बनेंगे। उन शिकायतों की सुनवाई व समाधान का दिन व समय भी तय हो गया है। समाधान नहीं होने से परेशान कोई व्यक्ति शिकायत लेकर जयपुर में सीएम या मंत्री तक पहुंच गया तो संबंधित अफसर से उसकी जवाब-तलबी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार शिकायतें दर्ज करने के लिए संपर्क समाधान केंद्र तमाम पंचायत समिति मुख्यालय व जिला मुख्यालय पर बनेंगे। यहां लोग अपनी शिकायतें दस्तावेज के साथ ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इन केंद्रों पर मूल निवास, जाति, आय, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न विभागों के फार्मों के साथ साथ ई-मित्र व सीएससी पर मिलने वाली सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। लोग ये आवेदन भरकर वहीं जमा कराएंगे। फिर इन आवेदनों को ऑनलाइन करने के लिए वहां कंप्यूटर ऑपरेटर रहेगा। हर व्यक्ति के आवेदन अथवा शिकायत को ऑनलाइन करने के बाद एक नंबर दिया जाएगा। फिर वह व्यक्ति घर बैठे आवेदन अथवा शिकायत पर हुई कार्रवाई को जान सकेगा। इसके लिए हेल्पलाइन बनाई जाएगी, जो प्रदेशभर में एक ही होगी।
सुनवाई के
लिए भी अब कॉमन वेबपोर्टल
जनसुनवाई की नई व्यवस्था को लेकर सरकार के आला अधिकारियों ने सोमवार को प्रदेशभर के अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेंस से बैठक ली। अधिकारियों ने हिदायत दी कि जनसुनवाई या शिकायतों के लिए अलग-अलग बनाई वेबसाइट अथवा पोर्टल को तुरंत बंद कर दिया जाएगा। इसके स्थान पर सरकार प्रदेशभर में कॉमन वेबपोर्टल ‘राजस्थान संपर्क’ तैयार कर रही है। यह समाधान कार्यक्रम जल्द शुरू होगा, ताकि आम आदमी को यहां-वहां भटकना नहीं पड़े। वीसी में राजस्थान संपर्क वेबपोर्टल को चलाने की जानकारी भी दी। इसी पोर्टल पर शिकायतें दर्ज करने के साथ-साथ लोकसेवा गारंटी व सुनवाई अधिकार से जुड़े प्रकरणों को भी दर्ज किया जाएगा।
शुक्रवार नहीं, महीने में एक बार होगी जनसुनवाई
राज्य सरकार ने सामूहिक जनसुनवाई की हर शुक्रवार की व्यवस्था को भी खत्म कर दिया है। अब महीने में एक बार उपखंड व एक ही बार जिलास्तर पर सामूहिक जनसुनवाई होगी। राज्य सरकार ने तय किया है कि हर महीने के पहले गुरुवार को उपखंड स्तर पर सामूहिक जनसुनवाई होगी। इस सुनवाई में उपखंड स्तर के सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे और लोगों की सुनवाई करेंगे। इसी तरह हर दूसरे गुरुवार को जिला मुख्यालय पर सभी अधिकारी मिलकर जनसुनवाई करेंगे। वहीं चौथे गुरुवार को सीएम सभी मंत्रियों व अधिकारियों के साथ प्रदेशभर से आए लोगों की सुनवाई करेंगी। सीएम की सुनवाई के दौरान सभी अफसर जिला मुख्यालयों पर रहेंगे, ताकि किसी भी फरियाद को लेकर वीसी से वे अफसर से तुरंत रिपोर्ट ले सकें। अफसरों को निर्देश दिए हैं कि आम दिनों में वे लोगों की हर रोज सुनवाई करेंगे। उल्लेखनीय है कि गहलोत सरकार ने हर शुक्रवार की दोपहर 12 से 3 बजे तक सामूहिक जनसुनवाई की व्यवस्था शुरू की थी।
आवेदन व शिकायत होगी ऑनलाइन, प्रदेशभर के लिए एक ही हेल्पलाइन