- Hindi News
- टीम भावना से कार्य कर पूरा करें लक्ष्य : कलेक्टर
टीम भावना से कार्य कर पूरा करें लक्ष्य : कलेक्टर
भास्कर न्यूज - सिरोही
कलेक्टर रघुवीर सिंह मीणा ने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि वे परिवार कल्याण व टीकाकरण कार्यक्रम पर विशेष ध्यान देकर लक्ष्यों को अर्जित करें। कलेक्टर शुक्रवार को जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति एवं गर्भधारण पूर्व निदान तकनीकी अधिनियम 15 सूत्री निगरानी समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवार कल्याण व टीकाकरण के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए चिकित्साधिकारी पूर्ण मनोयोग एवं टीम भावना से कार्य कर प्राप्त लक्ष्यों को पूर्ण करें। अधिकारियों को अस्पतालों की साफ-सफाई व रख-रखाव के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी फरवरी से विशेष कर आंगनबाड़ी केंद्रों, चिकित्सालय व स्कूलों का औचक निरीक्षण किया जाएगा और यह निरीक्षण लगातार चालू रहेगा। कलेक्टर ने समाप्त हुए राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में अर्जित किए गए लक्ष्यों पर भी चर्चा की। बैठक में जननी शिशु सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा एवं जांच योजना तथा संस्थागत प्रसव की मोनेटरिंग व औषधियों की मांग एवं आपूर्ति के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने आगामी ग्रीष्म ऋतु में संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पूर्व ही इंतजाम करने को कहा। उन्होंने जिला स्वास्थ्य समिति की वित्तीय कार्यों की भी समीक्षा करने के साथ अन्य बिन्दुओं पर भी चर्चा कर निर्देश दिए।